अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
नाहन कॉलेज की एसएफआई इकाई ने हिमाचल प्रदेश विश्व विद्यालय प्रशासन से रूसा प्रणाली के कारण उत्पन्न समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की है। अपनी इस मांग को लेकर एसएफआई का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को इकाई अध्यक्ष निशांत अत्री व सचिव दक्ष चौहान के नेतृत्व में कॉलेज प्राचार्य वीणा राठौर से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने प्राचार्या को प्रदेश विवि कुलपति के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल इकाई अध्यक्ष निशांत अत्री, सचिव दक्ष चौहान, संदीप, मनोज, विशाल, अनिल, जय, मोनिका, काजल आदि छात्रों ने प्राचार्य को बताया कि जबसे प्रदेश के कॉलेजों में रूसा प्रणाली लागू हुई है, तबसे उत्पन्न समस्याओं का अभी तक समाधान नहीं किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि रूसा प्रणाली के तहत री-अपीयर परीक्षाओं को ऑड-इवन प्रणाली से हटाकर पीजी कोर्स की तर्ज पर वर्ष में दो बार किया जाए।
इसके अलावा परीक्षा फार्म भरवाने की जिम्मेवारी कॉलेज प्रशासन द्वारा ली जाए। कॉलेजों में शिक्षक-छात्र अनुपात में सुधार किया जाए। पीटीए फंड के नाम पर छात्रों से अतिरिक्त वसूली बंद की जाए। छात्रों से शुद्धिकरण फीस लेनी बंद की जाए। इस दौरान छात्रों ने प्राचार्य को कॉलेज में पेश आ रही शौचालय की समस्या का समाधान करने की भी मांग की। छात्रों ने प्राचार्य को दो टूक शब्दों में चेतावनी भी दी कि यदि कॉलेज में मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वह आंदोलन करने को विवश हो जाएंगे।
कॉलेज प्राचार्य ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को कुलपति को भेज दिया जाएगा।