फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirmour News: जिले में बारिश से मकान, गोशालाएं और सरकारी संपत्तियां क्षतिग्रस्त, 36 सड़कें बंद

Sat, 08 Aug 2026 10:05 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, नाहन/नौहराधार/संगड़ाह/रोहहॉट (सिरमौर)।

सार

जगह-जगह भूस्खलन होने से जिले की 36 सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि लोक निर्माण विभाग को करीब 1.70 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। कई स्थानों पर मकान, गोशालाएं और सरकारी संपत्तियां भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक जिले में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
विज्ञापन
कमरऊ क्षेत्र में बारिश से क्षतिग्रस्त गोशालाएं। स्रोत ग्रामीण
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सिरमौर जिले में पिछले 24 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। जगह-जगह भूस्खलन होने से जिले की 36 सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि लोक निर्माण विभाग को करीब 1.70 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। कई स्थानों पर मकान, गोशालाएं और सरकारी संपत्तियां भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक जिले में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन के अनुसार सबसे अधिक प्रभावित शिलाई और संगड़ाह क्षेत्र रहे हैं। शिलाई मंडल में 17 तथा संगड़ाह मंडल में 15 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा पांवटा साहिब मंडल में दो, जबकि नाहन और राजगढ़ मंडल में एक-एक सड़क यातायात के लिए बंद है। इन मार्गों को खोलने के लिए मशीनें और विभागीय टीमें मौके पर तैनात की गई हैं।

विज्ञापन


बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे अधिक 101 मिलीमीटर वर्षा नौहराधार में दर्ज की गई। इसके अलावा संगड़ाह में 90, ददाहू में 47, शिलाई में 41, नाहन में 29, पांवटा साहिब में 12.8 तथा राजगढ़ में 10 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। भारी बारिश के कारण निजी संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा है। पांवटा साहिब की कोलर तहसील में मोहन लाल का पक्का मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने से करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ। कमरऊ उपमंडल के छिताली गांव में हितेंद्र सिंह की गोशाला पूरी तरह ढह गई, जिससे लगभग 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ। वहीं रिथोग गांव में सुनील कुमार की गोशाला को 15 हजार रुपये तथा शिलाई के दिमटी गांव में भवान सिंह की गोशाला को करीब 10 हजार रुपये का नुकसान पहुंचा है। निजी संपत्ति को कुल 3.95 लाख रुपये की क्षति आंकी गई है।

सरकारी संपत्तियां भी बारिश की मार से नहीं बच सकीं। नाहन क्षेत्र के सुरला स्थित पशु औषधालय की सुरक्षा दीवार ढह गई, जिससे पशुपालन विभाग को करीब एक लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने संबंधित विभागों को बंद सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने तथा प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

कमरऊ क्षेत्र में बारिश से क्षतिग्रस्त गोशालाएं। स्रोत ग्रामीण

 

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें