अमर उजाला ब्यूरो
नाहन/राजपुर (सिरमौर)। जिले में बुधवार को दो सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई जबकि, दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का मेडिकल कॉलेज नाहन में उपचार के बाद दोनों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद नाहन और पांवटा पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक देहरादून-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई है। जबकि, दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नेशनल हाईवे पर पर कोलर गांव के समीप बुधवार सुबह करीब पांच बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक मोटरसाइकिल पर तीन युवक पांवटा साहिब से नाहन की ओर आ रहे थे कि कटासन मंदिर के समीप पहुंचते ही चालक संतुलन खो बैठा और बाइक सड़क किनारे गिर गई। हादसे में बगाला बस्ती माजरा निवासी गुलफाम (21) पुत्र जगीरा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि, दो अन्य सवार बिट्टू (25) पुत्र महीपाल निवासी बगाला बस्ती माजरा और आजाद (19) पुत्र खीदाराम निवासी बगाला बस्ती माजरा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया गया। यहां से गंभीर हालत में उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया। उधर, उपमंडल पांवटा साहिब में बांगरण-राजबन सड़क पर शमशेरगढ़ के नजदीक मंगलवार देर रात एक तेजरफ्तार ट्रैक्टर ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार शमशेरगढ़ सड़क पर राजबन से बांगरण की ओर एक तेजरफ्तार ट्रैक्टर ने डोरियोंवाला की ओर जा रहे मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। हादसे में तपेंद्र सिंह पुत्र गुरुचरण सिंह निवासी फूलपुर काहनुवाला के शरीर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और परिजन घायल को तुरंत पांवटा सिविल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया। उधर, मामले की पुष्टि एसपी सिरमौर अजय कृष्ण शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस दोनों मामलों की छानबीन करने में जुटी है।