नाहन (सिरमौर)। चंबा मैदान में मंगलवार को नाहन निर्वाचन क्षेत्र के 951 अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रथम चरण का पूर्वाभ्यास करवाया गया। इस मौके पर ईवीएम, वीवीपैट और चुनाव संबंधी प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी दी गई।
एसडीएम नाहन एवं निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि नाहन निर्वाचन क्षेत्र में कुल 76704 मतदाता हैं। इनमें 39344 पुरुष और 37360 महिला मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि नाहन निर्वाचन क्षेत्र में स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिए 121 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें सामान्य 75, 27 संवेदनशील और 19 अति संवेदनशील केंद्र शामिल हैं। इस अवसर पर उन्होंने वीवीपैट व ईवीएम मशीन के विषय में जानकारी दी। कर्मचारियों और अधिकारियों को मॉक पोलिंग के विषय की भी जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि मॉक पोलिंग, एवीएम मशीन की जांच के मद्देनजर पोलिंग से एक घंटे पूर्व आरंभ की जाएगी। इस दौरान सैंपल के तौर पर 50 वोट दो पोलिंग एजेंटों की उपस्थिति में कास्ट होंगे। उन्होंने कहा कि 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की चुनाव प्रचार सामग्री नहीं लगाई जा सकेगी। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव में वोटर लिस्ट पहचान पत्र का कार्य नहीं करेगी। लेकिन, मतदाता, वोटर पहचान पत्र के अतिरिक्त पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, सर्विस पहचान पत्र, बैंक और डाकघर पास बुक, पैन कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, पेंशन दस्तावेज, सरकारी पहचान पत्र व आधार कार्ड दिखाकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
इस अवसर पर तहसीलदार निर्वाचन हरबक्स सिंह, नायब तहसीलदार निर्वाचन विजय कुमार शर्मा के अतिरिक्त निर्वाचन अधिकारी मौजूद रहे।