नाहन (सिरमौर)। जिले में बढ़ रहे नशे के कारोबार के खिलाफ लोग अब एकजुट होने लगेे हैं। संगड़ाह उपमंडल की रेडली पंचायत ने नशे के खिलाफ रविवार को ऐतिहासिक फैसला लिया है। पंचायत में अब शादी व अन्य समारोहों में किसी ने शराब परोसी तो 50 हजार रुपये जुर्माना लगेगा। यही नहीं घर में शराब बनाने पर 10 हजार जुर्माना राशि अदा करनी होगी। ऐसा करने वाले व्यक्ति को पंचायत पुलिस के हवाले भी करेगी।
शराब बंदी को लेकर यह बड़ा फैसला रेड़ली पंचायत की ग्राम सभा में सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया है। इस फैसले के तहत अब चोरी छिपे शराब का सेवन करना भी पियक्कड़ों को भारी पड़ेगा। नशे की हालत में पकड़े गए व्यक्ति से पंचायत पांच सौ रुपये जुर्माना वसूलेगी। उपमंडल संगड़ाह की रेड़ली पंचायत ने यह कदम शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए उठाया है। इससे केवल शराब परोसने वालों की ही अब खैर नहीं, बल्कि शराब पीने वाले भी जुर्माना अदा किए बिना नहीं बच पाएंगे। ग्राम पंचायत रेडली की आमसभा रविवार को आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता पंचायत प्रधान बीना देवी ने की। बैठक में पंचायत में फैल रहे नशे के कारोबार को रोकने पर चर्चा की गई। इसके बाद सर्वसम्मति से पंचायत में नशे का सेवन रोकने के लिए ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित किया गया। नशे की हालत में पकड़े जाने पर 500 रुपये जुर्माना, शराब बनाने या भट्ठियां लगाने पर 10 हजार रुपये जुर्माना लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा शादी समारोह या किसी अन्य पार्टी में शराब परोसने वाले व्यक्ति पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया। ग्राम सभा में पारित किए प्रस्ताव की एक प्रति एसडीएम और पुलिस थाना संगड़ाह को भी प्रेषित की गई।
इस अवसर पर पंचायत स्तर पर नशे की रोकथाम के लिए कमेटी का भी गठन किया गया। इसमें राधा देवी को सर्वसम्मति से प्रधान नियुक्त किया गया। चंद्रकला को महासचिव की जिम्मेवारी सौंपी गई। कल्याण सिंह को उपाध्यक्ष, वीरेंद्र सिंह को सहायक सचिव, कांता देवी, संतोष देवी, बिमला देवी, निर्मला देवी, गुमान सिंह, बाबूराम, सुरेंद्र कुमार, ओम प्रकाश, कैलाश चंद, कृष्ण दत्त, रविंद्र सिंह को सदस्य नियुक्त किया गया। इस मौके पर धर्म सिंह, मस्तराम, बालक राम, शमशेर, संदीप, कमला देवी, आशा कार्यकर्ता किरण, ग्रामीण रोजगार सेवक महिला देवी, उपप्रधान पृथ्वी सिंह, वार्ड सदस्य सरोपता चौहान, रेखा देवी, मस्तराम, संदीप, मेहंदी देवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।