जिलेभर के शिवालयों में लगाए भंडारे
ददाहू (सिरमौर)। महाशिवरात्रि के पावन उपलक्ष्य पर मंगलवार को सभी शिवालयों में भंडारे लगाए गए। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। धारटीधार क्षेत्र स्थित दिग्योण में उत्तर भारत से आए श्रद्धालुओं ने भगवान भोले का आशीर्वाद लिया। ब्रह्मचारी आश्रम दिग्यौण के संचालक बाबा बालानंद ब्रह्मचारी ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। नाहन, रेणुका मुख्य मार्ग पर स्थित बडोलिया बाबा मंदिर में भी भंडारा लगाया गया। साथ ही खादरी के नरदेवेश्वर महादेव शिव मंदिर तथा रेणुका बांध परियोजना के सौजन्य से बिजली कॉलोनी स्थित शिव मंदिर, पुलिस विभाग के सौजन्य से थाना परिसर रेणुका में हवन यज्ञ के पश्चात भंडारे का आयोजन किया गया। उधर, ददाहू बावड़ी स्थित शिव शक्ति मंदिर, शक्तिबाग शिव मंदिर तथा अपर बाजार में भी अलग-अलग भंडारे लगाए गए। जहां मंदिर कमेटी के प्रधान जगदीप बंसल, पूर्व पंचायत प्रधान महेश अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, विपिन बंसल, हरीश गर्ग सहित मंदिर कमेटी के अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।