पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून-पांवटा-कालाअंब नेशनल हाईवे- 07 पर जोहड़ों के समीप एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक बिजली पोल से जा टकराया। हादसे में ट्रक चालक के साथ सवार उसकी पत्नी भी घायल हो गई। घायलों का सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। जानकारी के मुताबिक अनियंत्रित ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद इलाके में बिजली भी गुल हो गई है। उधर, मामले में माजरा पुलिस छानबीन में जुट गई है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह एक ट्रक पांवटा से माजरा की तरफ जा रहा था। एनएच मार्ग पर जोहड़ों के समीप अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराया। हादसे में सैनवाला निवासी ट्रक चालक अनवर और उनकी पत्नी सलमा घायल हो गए। दोनों को सिविल अस्पताल पांवटा उपचार के लिए पहुंचाया गया है। उधर, माजरा पुलिस थाना के एसएचओ मोहर सिंह ने मामले की पुष्टि की है। एनएच पर जोहड़ों के समीप हुए सड़क हादसे की जांच की जा रही है। हादसे में दोनों घायल सैनवाला निवासी दंपती अनवर और सलमा को सिविल अस्पताल पांवटा उपचार के लिए पहुंचाए गए हैं।