एक महीने में ही उखड़ गई सड़क की टारिंग
बांगरण चौंक पर फिर खस्ताहाल हो गई सड़क
ठेकेदार, अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
राजपुर (सिरमौर)। पांवटा साहिब-भंगाणी सड़क के मध्य स्थित बांगरण चौक और पुरुवाला चौक में सड़क की हालत खस्ता हो गई है। पिछले महीने सड़क पर की गई टारिंग बुरी तरह से उखड़ गई है। एक महीने में ही टारिंग उखड़ने से लोगों में विभाग के प्रति रोष है। बांगरण और पुरुवाला चौक पर उखड़ी टारिंग की बजरी जगह-जगह बिखरी हुई है जो वाहन चालकों के लिए खतरे से खाली नहीं है। क्षेत्र के लोगों ने टारिंग में घटिया सामग्री लगाने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि बरसात शुरू होने से चंद रोज पहले ही सड़क पर टारिंग कर दी। वहीं, ग्रामीणों ने टारिंग में घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया है। क्षेत्रवासी रामपाल, कुलदीप, सुनील, बिल्लू, सुरेश, मनीष, नासिर, ज्ञान और नरेंद्र ने कहा कि बांगरण चौक पर की गई टारिंग एक महीने में ही उखड़ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने विभागीय मिलीभगत के कारण घटिया निर्माण सामग्री इस सड़क की टारिंग में लगाई है। यही कारण है कि सड़क एक महीने में ही उखड़नी शुरू हो गई है। जगह-जगह बजरी बिखरी पड़ी है, जो वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए खतरा बन गई है। लोगों ने कहा कि चौक पर जो निकासी की पुलिया बनाई गई थी, वह भी भारी वाहनों के कारण नीचे बैठ गई है। अब छोटे वाहनों के बंपर जमीन से लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोनिवि ने चौक के दोनों ओर गहरे गड्ढे खोदे हैं, जिसमें वाहनों के टायर फंस रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस सड़क की दशा दोबारा नहीं सुधारी गई तो वह भंगानी में होने वाले जनमंच कार्यक्रम में इसकी शिकायत करेंगे।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता अजय शर्मा ने कहा कि भारी वाहनों के कारण सड़क उखड़ी है। इसे जल्द दुरुस्त कर दिया जाएगा। एसडीओ को निर्देश दे दिए गए हैं।