भूस्खलन से मलबे में दबा लेंटर
शिलाई (सिरमौर)। शिलाई क्षेत्र के टिंबी में एक व्यक्ति के मकान का लेंटर दब गया है। प्रशासन ने उसका मकान खाली करवा दिया है। पीड़ित सात दिनों से किसी दूसरी जगह शरण लिए हुए है। जानकारी के अनुसार पिछले दिनों हुई बारिश के कारण टिंबी से दुबौड़ चियाली निर्माणाधीन संपर्क मार्ग की सुरक्षा दीवार का मलबा टिंबी निवासी साधूराम पुत्र किडंवाराम के रिहायशी मकान की छत पर आ गिरा। मलबे में आए पत्थर उसके मकान आ घुसे, जिससे उसका एक कमरा पूरी तरह से मलबे में दब गया। शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे पटवारी ने मकान को खाली करवा दिया। इसके बाद पीड़ित साधूराम सात दिन से कहीं और पनाह लिए हुए हैं। पीड़ित साधूराम ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। उधर, कार्यकारी उपमंडल अधिकारी शिलाई मस्तराम कश्यप ने कहा कि साधूराम के मकान को खाली करवा दिया गया है। मुआवजे के लिए दस्तावेज तैयार करने के आदेश दिए हैं। पीड़ित को उचित मुआवजा दिया जाएगा।