नाहन (सिरमौर)। अरिहंत इंटरनेशनल स्कूल नाहन में आयोजित 24वीं राइफल शूटिंग प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हुआ। इस मौके पर एडीसी आदित्य नेगी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। चार दिन तक चली शूटिंग प्रतियोगिता के दौरान 10 मीटर एयर राइफल (आईएसएसएफ) स्पर्धा में जयसूर्य ठाकुर, 50 मीटर प्रोन में धीरेंद्र सिंह पंवार और ट्रेप इवेंट में शुभम कुंडलस ने स्वर्ण पदक हासिल किया। 10 मीटर एयर पिस्टल (महिला) में स्वास्तिका चौहान, 25 मीटर स्टेंडर्ड पिस्टल (पुरुष) में जाकिर अली, 50 मीटर फ्री राइफल (जूनियर) में समतिंजल सिंह ने स्वर्ण पदक हासिल किए। एयर पिस्टल (मैन) में सुरेश चौहान ने कांस्य, यूथ मैन में देवांश चौहान ने स्वर्ण प्राप्त किया। जूनियर वूमेन वर्ग में हुए प्रोन इवेंट में रिंकी शर्मा ने स्वर्ण, अंडर-12 एयर पिस्टल मैन और वूमेन में तेजस्वी सिंह वर्मा ने रजत पदक जीता। प्रतियोगिता के समापन समारोह पर एडीसी आदित्य नेगी ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर अरिहंत संस्थान के अनिल जैन, सचिन जैन के अलावा प्रदेश राइफल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राजेश परमार, विक्रांत सिंह, ईश्वर सिंह, सूरज सिंह व विभूति सिंह आदि उपस्थित रहे।