अमर उजाला ब्यूरो
नाहन/ पांवटा साहिब (सिरमौर)।
जनपद सिरमौर में शनिवार को ईद-उल-फितर का पर्व मनाया गया। सुबह मौसम की बेरुखी के बावजूद ईद की नमाज अदा करने के लिए हजारों की भीड़ जुटी। अमन-चैन और देश की समृद्धि की दुआ के लिए हजारों हाथ उठे। मस्जिदों में देश व प्रदेश की शांति, भाईचारे, अमन व चैन की दुआ मांगी गई। समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर कहा- ईद मुबारक। मिश्रवाला क्षेत्र में भी शांतिपूर्वक ढंग से ईद की नमाज अदा की गई। ईद त्योहार पर पांवटा, माजरा के बाजारों में खरीददारी हुई।
नाहन की जामा मस्जिद में भी सुबह ईद की नमाज अदा की गई। रिमझिम बारिश के बीच भारी संख्या में लोग नमाज में शामिल हुए। पांवटा क्षेत्र निवासी शहबाज खान, पूर्व प्रधान पिपलीवाला जुल्फकार अली, असगर अली, पूर्व प्रधान कुंजा अकबर अली, नजाकत अली हाशमी, मिश्रवाला के प्रधान शुक्रदीन, पूर्व प्रधान नवादा जहांगीर अली, सरवर अली, डॉ. जाहिद मलिक, राहुल मलिक व अब्बास ने कहा कि ईद इस्लाम धर्म का पवित्र त्योहार होता है।
मान्यता रही है कि रमजान के माह में पवित्र कुरान इस धरती पर अवतरित हुई थी। रमजान के आखिरी दिन रोजे पूरे होने पर ईद मनाई जाती है। रमजान माह में रोजा रख इबादत के बाद अल्लाह ने अपने बंदों को एक बेहद तोहफा दिया है जिसे ईद उल फितर कहते हैं।
शुक्रवार रात को चांद का दिदार हुआ। शनिवार को धूमधाम से मीठी ईद मनाई गई। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक दूसरे के गले मिलकर मुबारकबाद दी।
जुल्फकार अली व शाहबाज खान ने कहा कि हिजरी कैलेंडर के अनुसार ईद साल में 2 बार आती है। एक ईद-उल-फितर व दूसरी ईद-उल-जुहा। ईद-उल-फितर को मीठी ईद भी कहा जाता है। रमजान में रोजेदार पूरे माह अल्लाह की इबादत करते हैं। इस दौरान संयम बरते हुए रोजे रखते हैं। दान या जकात किए बिना ईद की नमाज नहीं होती। गरीब भी इस दिन साफ कपड़े पहनकर सबके साथ मिलकर नमाज पढ़ते हैं।
बाक्स...
पांवटा के इन क्षेत्रों में रही ईद की धूम
पांवटा(सिरमौर)। पांवटा में सुबह बारिश हुई। इसके बावजूद ईद की नमाज अदा करने के जोश में कोई कमी नहीं आई। पांवटा के विभिन्न क्षेत्रों में ईद की नमाज अदा की गई जिसमें पांवटा जामा मस्जिद, मरकज मस्जिद कमेटी मिश्रवाला, नवादा, कुंजा, मदरसा कादरिया मिश्रवाला, गुलाबगढ़, टोका नागला, सैनवाला मुबारिकपुर, पल्होड़ी, पुरुवाला, रामपुर, कुंजा मतरालियों व गोंदपुर-अमरकोट समेत क्षेत्र की मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई।
गले मिले हिंदू-मुस्लमान
नाहन (सिरमौर)। नाहन में धार्मिक एकता का अनूठा संगम देखने को मिलता है। ईद हो या दिवाली यहां हर मजहब के लोग एक दूसरे के साथ खुशियां बांटते हैं। इसी कड़ी के तहत नप की पार्षद रेखा तोमर व पूजा तोमर ने मुस्लिम परिवारों के साथ ईद मनाई और मिठाइयां बांटीं।