अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
एचपीएसईबी पेंशनर्स वेलफेयर समिति की नाहन इकाई की एक बैठक अध्यक्ष याकूब बेग की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कहा गया कि पिछले लंबे समय से पेंशनरों को उनके मेडिकल बिलों का भुगतान नहीं किया गया है। इस मामले में पेंशनरों ने उचित कार्रवाई की गुहार लगाई है।
याकूब बेग ने कहा कि विधानसभा सदस्यों व सांसदों को मिलने वाली पेंशन में इनकम टैक्स से छूट की तर्ज पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों व पारिवारिक पेंशनरों को भी छूट प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि जब संविधान में सभी को बराबर समझा गया है, साथ ही समानता का दर्जा मिला है तो पेंशनरों को भी यह सुविधा मिलनी चाहिए। इसके अलावा पेंशनरों ने 65, 70 व 75 वर्ष की आयु पूरी करने पर क्रमश: 5, 10 व 15 फीसदी की दर से पेंशन बढ़ोतरी को बेसिक पेंशन में समायोजित करने के साथ-साथ पंजाब की तर्ज पर एक जनवरी 2006 से पेंशन लाभ भी मांगा। इससे पूर्व सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने 8 फीसदी अंतरिम राहत देने के लिए आभार जताया।
इस मौके पर शमशेर सिंह ठाकुर, बुंदू खान, मोहनलाल, गुरुचरण सिंह, बाबूराम, शफी मोहम्मद, गौरीदत्त, रुलदूराम, मोहम्मद नासिर, नासिर हुसैन, रामकिशन, आशिक अली व रामगोपाल आदि दर्जनभर पेंशनर उपस्थित रहे।