पांवटा साहिब (सिरमौर)।
पकौड़े बेचने को रोजगार के नाम पर देने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर हल्ला बोल दिया है। वीरवार को विरोध स्वरूप ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पांवटा ने चाय-पकौड़े का स्टॉल लगाकर प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने पांच रुपये प्रति प्लेट पकौड़े भी बेचे। कांग्रेस का कहना है कि पकौड़े बेचने को रोजगार कहना बेरोजगारों के साथ भद्दा मजाक है।
प्रदर्शन के दौरान शिक्षित बेरोजगार युवाओं व कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पीएम व केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी की। उन्होंने डिप्लोमा और डिग्री के स्टीकर लगा रखे थे। स्टॉल में चाय-पकौड़ा पांच रुपये का बैनर लगाया गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, पूर्व विधायक चौधरी किरनेश जंग, अनिंद्र सिंह, राजेंद्र शर्मा और तपेंद्र सिंह सैनी भी प्रदर्शन में मौजूद हुए।
किरनेश जंग और ब्लॉक अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि देश के करोड़ों प्रतिभाशाली बेरोजगार युवाओं व जनता को लोक लुभावने वायदों के दम पर केंद्र सरकार ने सत्ता हासिल की है। इसमें युवाओं को रोजगार प्रदान करने का वायदा प्रमुख था। अब देश के पीएम पकौड़े बेचने को रोजगार का दर्जा देने वाले बयान दे रहे हैं। रोजगार के नाम पर युवाओं को झुनझुना ही मिला है। यह डिग्री और डिप्लोमा हासिल करने वाले बेरोजगारों के साथ भद्दा मजाक है। इस बयान से पूरे देश और प्रदेश में पीएम और भाजपा की नीतियों केे खिलाफ बेरोजगार युवाओं में गुस्सा है।
इस मौके पर राजेंद्र शर्मा, हरप्रीत सिंह, मंजीत सिंह, शमशेर अली, खुशहाल सिंह, विरांजना चौधरी, संदीप बतरा, दाता राम प्रधान, घासी राम, ओपी कटारिया, असगर अली, रघुवीर कपूर, विशाल वालिया, जाकिर हुसैन, रिपूदमन सिंह कालरा, जोगेंद्र सिंह, साजिद हाशमी, इकबाल सिंह और प्रदीप चौहान समेत ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता व बेरोजगार युवा मौजूद रहे।