पानी की बूंद-बूंद को तरसे भगनाड़ी गांव के लोग
प्रभावित ग्रामीण दो किलोमीटर दूर से पानी ढो कर रहे गुजारा
ग्रामीणों ने की उठाऊ पेयजल योजना से जोड़ने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
शिलाई (सिरमौर)।
शिलाई उपमंडल की ग्राम पंचायत झकांडों के भगनाड़ी में पानी की किल्लत बढ़ गई है। यहां ग्रामीण पानी की बूंद-बूंद के मोहताज हो उठे हैं जिस वजह से वह दो किलोमीटर दूर से पानी लाकर गुजारा करने को विवश हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव को भंगाल खड्ड से बनी नैनीधार उठाऊ पेयजल योजना से जल्द से जल्द जोड़ा जाए ताकि उनको सही मात्रा में पानी मिल सके। पानी की किल्लत से जूझ रहे इंद्र सिंह, अतर सिंह, गुलाब सिंह, रमेश चंद, भवान सिंह, जीवन सिंह आदि ने बताया कि गांव के लिए आईपीएच विभाग ने चलनाह खड्ड से प्रवाह पेयजल योजना बनाई है लेकिन क्षेत्र में पर्याप्त वर्षा न होने के कारण खड्ड सूख गए हैं। इसके कारण उन्हें पानी नसीब नहीं हो रहा है। वह दो किलोमीटर दूर से पानी ढोकर ला रहे हैं जिससे मुश्किल से गुजारा चल रहा है।
पानी ढोने के चक्कर में उनके सभी कामकाज ठप हो गए हैं। उनका पूरा दिन पानी ढोने में ही व्यतीत हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि भंगाल खड्ड से नैनीधार उठाऊ पेयजल योजना से भी इस गांव को जोड़ा गया है लेकिन इस योजना की पाइप लाइन अभी तक गांव तक नहीं पहुंची है। यदि यह कार्य समय पर संपन्न हो जाए तो आए दिन उत्पन्न होने वाली पेयजल किल्लत से उन्हें राहत मिल सकती है।
उधर, पंचायत प्रधान उमा देवी व उपप्रधान रमेश कुमार ने बताया कि उनके गांव में पेयजल किल्लत चल रही है। वह जल्द ही एक प्रस्ताव पारित कर भगनाड़ी गांव को उठाऊ पेयजल योजना से जोड़ने का आग्रह करेंगे।
---