अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बुधवार को ही शराब के ठेके व बार सील कर दिए गए हैं। अब ठेके शुक्रवार को ही खुलेंगे। आबकारी एवं कराधान विभाग की कार्रवाई के बाद नशे के तलबगार दिनभर व शाम को खासे परेशान दिखे।
कई चुनाव के दौरान कहीं से शराब उपलब्ध करवाने को घूमते रहे। वीरवार, 9 नवंबर को शाम 5 बजे तक आदेशानुसार ठेके व बार बंद रहेंगे। जिले के साथ लगते राज्यों की सीमा पर नाकाबंदी कर दी गई है।
आबकारी विभागीय टीम ने शाम से ही शराब के सारे ठेकों को सील कर दिया है। चुनाव को देखते हुए इस बार काफी सख्त व्यवस्था की जा रही है जिससे चोरी छिपे में भी शराब कि बिक्री नहीं हो सके। कहा जा रहा है कि प्रदेश भर में हर जिले व विस क्षेत्र में विभाग ने सख्ती से कदम उठाया है। नाहन, पांवटा सहित पूरे जिले में सभी शराब के ठेके व बीयर बार तक सील करवा दिए गए हैं। टीम ने चुनाव के दौरान पहली बार ठेके की सीलिंग कार्रवाई को सुनिश्चित किया है जिससे शराब परोसने की आशंकाओं को कम किया जा सके।
चुनाव के दौरान दो दिन शराब न बिके। इसके लिए आबकारी एवं कराधान विभाग की हर निर्वाचन क्षेत्र में टीम गठित कर कार्रवाई अमल में लाई है। यह टीमें राज्य की सीमाओं व अवैध कच्ची शराब की संदिग्ध तस्करी स्थलों पर भी चौकस नजर रखे हुए है।
पड़ोसी राज्य उत्तराखंड, यूपी, हरियाणा व पंजाब के पुलिस प्रशासन व आबकारी एवं कराधान विभाग के उच्च अधिकारियों से भी संपर्क में है। पड़ोसी राज्यों के हिमाचल के साथ लगती करीब 3 किलोमीटर क्षेत्रों के ठेके भी बंद रखवाए गए हैं जिससे अवैध रुप से शराब पहुंचाने व खरीदारी पर अंकुश लगाया जा सके।
उधर, जिला सिरमौर आबकारी विभाग के एईटीसी जीडी ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि चुनाव के मद्देनजर सख्त कदम उठाया गया है।