26 करोड़ की लागत से बनी योजना से तिलोरधार विकासखंड के करीब दो दर्जन गांवों और उपगांवों तक पहुंचेगा स्वच्छ पेयजल
गर्मियों में पेयजल संकट से जूझने वाले ग्रामीणों को मिलेगी राहत, जल्द जनता को समर्पित होगी योजना
सुंदर चौहान
कफोटा (सिरमौर)। शिलाई विधानसभा क्षेत्र के तिलोरधार विकासखंड की छह पंचायतों के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्र में करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। जलशक्ति विभाग जल्द ही इस योजना का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित करने की तैयारी में है। योजना के शुरू होने से छह पंचायतों के करीब दो दर्जन गांवों और उपगांवों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा।
जलशक्ति विभाग कफोटा की ओर से तैयार की गई इस योजना के माध्यम से कांटी मश्वा, बड़वास, कमरऊ, सठौड़, टिटियाना और कोड़गा पंचायतों में पेयजल आपूर्ति की जाएगी। योजना के लिए कांटी मश्वा पंचायत के समीप एक खड्ड से पानी उठाया जा रहा है। इसके बाद पानी का भंडारण बंडारा धार में किया जाएगा, जहां से सभी छह पंचायतों के विभिन्न गांवों और उपगांवों तक पेयजल वितरित होगा।
गौरतलब है कि इन पंचायतों के ग्रामीणों को हर साल गर्मियों के मौसम में गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र में पहले से संचालित पेयजल योजनाओं से पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा था। बढ़ती जरूरत और पुरानी योजनाओं की सीमित क्षमता को देखते हुए जलशक्ति विभाग ने इस बड़ी उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण करवाया है।
योजना के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। विशेषकर गर्मियों के दौरान पानी की कमी से जूझने वाले गांवों को इससे बड़ी राहत मिलेगी। जलशक्ति विभाग कफोटा के सहायक अभियंता एसके शर्मा ने बताया कि उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। शेष औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जल्द ही इसका उद्घाटन कर योजना को जनता के लिए समर्पित किया जाएगा।-संवाद