सिरमौर में बारिश-भूस्खलन से 23 सड़कें रहीं बंद
पत्थर और मलबे से एनएच पर भी यातायात प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में शुक्रवार को भारी बारिश और भूस्खलन के चलते 23 सड़कें बंद रहीं। नाहन-कुमारहट्टी और पांवटा-शिलाई नेशनल हाईवे पर जगह-जगह मलबा और पत्थर आने से यातायात प्रभावित हुआ।
नाहन-कुमारहट्टी नेशनल हाईवे 907 ए बनेठी से लेकर सेन की सेर तक सड़क पर भारी मात्रा में पानी, मलबा और पत्थर आने से वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। चबाहां में एनएचएआई की जेसीबी मशीन मौके पर ही तैनात रही। जलशक्ति विभाग की राजगढ़ में तीन और पांवटा में 10 योजनाएं भी क्षतिग्रस्त हुईं।
जिले में नाहन की 5, पांवटा की 1, शिलाई की 15 और संगड़ाह की दो एमडीआर और संपर्क सड़कें बंद रहीं। पांवटा मंडल में 71 ट्रांसफार्मर भी बंद रहे। हिमाचल पथ परिवहन निगम के नाहन डिपो के पांवटा, सराहां और रेणुकाजी क्षेत्र में 20 रूट बंद रहे।
सोलन-चंडीगढ़ एनएच बंद रहने से यातायात नाहन-कुमारहट्टी एनएच पर डायवर्ट किया गया है। इसके चलते शुक्रवार को नाहन के मोहल्ला गोविंदगढ़, दिल्ली गेट और आईटीआई के पास वाहन चालकों को जाम की परेशानी से जूझना पड़ा। संवाद
नाहन से शिमला जाती कालका रूट की दिल्ली-शिमला निगम की बस। संवाद
नाहन से शिमला जाती कालका रूट की दिल्ली-शिमला निगम की बस। संवाद