वोटर आईडी नहीं है तो भी कर सकेंगे मतदान
11 तरह के वैकल्पिक दस्तावेज दिखा सकते हैं वोटर
मतदाताओं की जानकारी के लिए चस्पा किए जाएंगे पोस्टर
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। यदि आपके पास मतदाता पहचान पत्र (वोटर आईडी) नहीं है तो भी मताधिकार का प्रयोग किया जा सकता है। मतदान के समय मतदाता 11 तरह के वैकल्पिक दस्तावेजों में से एक दिखाकर अपना वोट डाल सकता है। वैकल्पिक दस्तावेजों की जानकारी के पोस्टर जिले के मतदान केंद्रों, सरकारी और निजी कार्यालयों, स्कूलों, महाविद्यालयों, अस्पतालों, बैंकों, डाकघर, खंड और राजस्व उपमंडलों के कार्यालयों के सूचना पट्ट पर भी लोगों की जानकारी के लिए चस्पा किए जाएंगे, जिससे कोई भी मतदाता वोटर आईडी के अभाव में मतदान से वंचित न रहे। लोकसभा चुनाव के सफल आयोजन को लेकर बुधवार को उपायुक्त कार्यालय के बचत भवन में आयोजित बैठक में नायब तहसीलदार निर्वाचन विजय कुमार शर्मा ने सेक्टर अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया संबंधी विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर आदित्य नेगी ने बताया कि मतदाता वोटर पहचान पत्र के अलावा पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, सर्विस पहचान पत्र, बैंक और डाकघर पास बुक, पैन कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, पेंशन दस्तावेज, सरकारी पहचान पत्र और आधार कार्ड दिखाकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सिरमौर जिले में लोकसभा चुनाव-2019 को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष करवाने के दृष्टिगत उड़नदस्तों और अन्य निगरानी टीमों की गाड़ियों में जीपीएस सिस्टम स्थापित किए जाएंगे, जिससे वाहनों की आवाजाही पर निगरानी रखी जा सके। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं ने पहली जनवरी 2019 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है और जिन पात्र लोगों ने अभी तक किन्हीं कारणों से अपना नाम वोटर लिस्ट में दर्ज नहीं करवाया है, वे अपना नाम मतदाता सूची में 19 अप्रैल तक अपने निकटतम बीएलओ अथवा एसडीएम कार्यालय जाकर अवश्य पंजीकृत करवाएं। इसके लिए फॅार्म-6 निशुल्क उपलब्ध है। इसके अलावा जिला निर्वाचन कार्यालय की वोटर हेल्पलाइन टॉल फ्री नंबर 1950 पर पंजीकरण से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के बारे में भी शिकायत की जा सकती है। इस अवसर पर तहसीलदार निर्वाचन हरबख्श सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।