अमर उजाला ब्यूरो
नाहन/ददाहू (सिरमौर)। लोकसभा चुनाव का शंखनाद होते ही चुनाव आचार संहिता लग गई है। ऐसे में सरकारी होर्डिंग, कार्यालयों से सरकारी योजनाओं को दर्शाने वाले कैलेंडर और तस्वीरें उतरवा दी गई हैं। लेकिन, एक दफ्तर में सरकार का कैलेंडर दीवार पर लगा हुआ देखा गया। सरकारी योजनाओं को दर्शाने वाले स्थान एवं सीएम की तस्वीर को दफ्तर के कर्मियों ने ऊपर से कोरा कागज चिपकाकर छुपा दिया है लेकिन, कैलेंडर यथावत है।
चुनाव आचार संहिता लगते ही प्रदेश और केंद्र सरकार की योजनाओं को दर्शाते होर्डिंग्स गायब हो गए हैं। सोमवार को सिरमौर जिले में लगे केंद्र और प्रदेश सरकार के सभी होर्डिंग्स उतरवा दिए गए। लोनिवि के कर्मचारी इन होर्डिंग्स को उतारते देखे गए। ददाहू में सरकारी कार्यालयों के प्रांगणों में लगे सांसद वीरेंद्र कश्यप के नाम वाले कूड़ेदानों को भी खोलकर रख दिया गया है। इसके अलावा कार्यालयों में लगे मोदी और जयराम सरकार के कैलेंडर भी हटा दिए गए हैं। ददाहू के तहसीलदार देवी सिंह कौशल ने बताया कि आचार संहिता का पालन करते हुए सभी विभागों को अपने संस्थानों के प्रांगण और आसपास लगे होर्डिंग्स, बैनर और बोर्ड आदि उतारने के निर्देश दिए गए हैं। ददाहू और रेणुका जी में लगे सभी होर्डिंग्स सोमवार को हटवा दिए गए हैं। उपायुक्त ललित जैन ने बताया कि सभी होर्डिंग आचार संहिता लागू होते ही हटवाने शुरू कर दिए हैं। लगभग सभी हटा दिए गए हैं।