पांवटा साहिब (सिरमौर)। प्रदेश में स्वाइन फ्लू से मरने वालों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। पांवटा साहिब में स्वाइन फ्लू से युवती की मौत होने की आशंका जताई गई है। युवती की मौत के बाद स्थानीय स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। हालांकि, विभाग स्वाइन फ्लू से संदिग्ध मौत पर संशय जता रहा है।
तबीयत बिगड़ने पर युवती को पहले पांवटा फिर नाहन ले जाया गया। इसके बाद युवती को आगामी उपचार के लिए पीजीआई रेफर कर दिया गया। परिजनों ने उसे एक अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उपचार के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। इस मामले को स्वाइन फ्लू का संदिग्ध मामला माना जा रहा है। वहीं, सीएमओ सिरमौर का कहना है कि युवती की मौत में स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं हो पा रही है। लेकिन, सिरमौर के राजगढ़ व नारग क्षेत्रों से दो मामले स्वाइन फ्लू के पॉजिटिव पाए गए हैं। इसी माह 9 फरवरी को पांवटा की एक युवती को गंभीर हालात में सिविल अस्पताल में उपचार को पहुंचाया गया था। स्थानीय चिकित्सकों ने युवती की हालत ज्यादा खराब होने पर मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया था। नाहन मेडिकल कॉलेज से युवती को पीजीआई चंडीगढ़ रेेफर किया गया। लेकिन, पीजीआई चंडीगढ़ में भी वेंटिलेटर नहीं मिल सका। इसकी वजह से युवती को एक निजी क्लीनिक में उपचार के लिए पहुंचाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बीएमओ राजपुर डॉ. उदय ठाकुर ने कहा कि ऐसी सूचना मिली थी। स्वाइन फ्लू से युवती की संदिग्ध मौत की विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। यदि स्वाइन फ्लू पाया जाता है तो युवती के परिवार व संबंधियों का उपचार शुरू किया जाएगा।
उधर, सीएमओ सिरमौर डॉ. केके पराशर ने कहा कि पांवटा की एक युवती की मौत में स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं हो पाई है। लेकिन, सिरमौर के राजगढ़ व नारग के दो मरीजों की स्वाइन फ्लू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।