अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बर्मा पापड़ी में जल्द ही विज्ञान संकाय की कक्षाएं आरंभ की जाएंगी। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शुक्रवार को बर्मापापड़ी स्कूल में दस लाख से बने दो अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण करने के बाद यह घोषणा की। डॉ. बिंदल ने कहा कि क्षेत्र में जल्द ही पशु औषधालय भी खोला जाएगा।
उन्होंने स्कूल के खेल मैदान और सुरक्षा दीवार के लिए दस लाख रुपये भी स्वीकृत किए। राजकुमार की दुकान से खेड़ा मंदिर तक के रास्ते में टाइलें लगाने के लिए उन्होंने लोनिवि को निर्देश दिए।
सांसद वीरेंद्र कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का समग्र विकास हो रहा है। केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार को पूरी उदारता के साथ धन उपलब्ध करवा रही है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विनय गुप्ता ने भी अपने विचार रखे।
इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य संजीव नोटियाल, लोनिवि अधीक्षण अभियंता महेश सिंघल, उप निदेशक उच्च शिक्षा उमेश बहुगुणा, अधिशासी अभियंता विद्युत राजेश कपूर, बीडीओ नाहन अनूप शर्मा, जिला भाजपा सचिव प्रताप ठाकुर, अशोक विक्रम, नीलम कुमारी सदस्य बीडीसी, रमेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
------------
एक दिन में किए कई उद्घाटन-शिलान्यास
नाहन (सिमौर)। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शुक्रवार को कौलांवाला भूड़ में बलसार-लवासा चौकी सड़क के उन्नयन की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि 18 किमी लंबी सड़क पर सवा सात करोड़ की राशि खर्च की जा रही है। बिंदल ने हाई स्कूल जांगला भूड़ में 50 लाख की लागत से निर्मित अतिरिक्त पांच कमरों तथा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला क्यारी में 40 लाख की लागत से निर्मित चार अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण भी किया गया। इस दौरान लोकसभा सांसद वीरेंद्र कश्यप भी मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि केंद्र की आयुष्मान भारत योजना के तहत देश के 10 करोड़ परिवारों को पांच लाख तक की एक वर्ष में चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा संचालित की जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। कौलांवाला भूड़ के अधूरे कार्य को पूरा करने के लिए तीन लाख देने की घोषणा की।