अमर उजाला ब्यूरो
नाहन / ददाहू (सिरमौर)।
अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले में रविवार को भारी जाम की स्थिति पैदा हो गई। जाम हटाने में पुलिस के भी पसीने छूट गए। मेला स्थल से लेकर ददाहू व संगड़ाह मार्ग पर जाम के चलते लोगों का गुजरना मुश्किल हो गया।
सरकारी व निजी बसों के साथ बड़े ट्रक जाम का कारण बने। हालांकि, पुलिस ने ददाहू से मेला स्थल के लिए बसों की आवाजाही पर रोक लगाई थी लेकिन रविवार को बसें सवारियों को मेलास्थल से उठाने के लिए पहुंच गई।
एसएचओ रेणुका जीत सिंह की अगुवाई में दर्जनों पुलिस कर्मी जाम हटाने में लगे रहे। वहीं सेना के जवान भी बीच-बीच में जाम हटाते दिखाई दिए। गिरि पुल पर भी काफी समय तक लंबा जाम लगा रहा। हैरत की बात है कि छोटी गाड़ियों के साथ बड़े वाहन भी एक साथ पुल से गुजरते दिखे। जबकि, इस पुल पर दो बड़े लोडिड वाहनों का एक साथ गुजरना भी वर्जित है।
पहले ही पुल ददाहू व मेलास्थल की तरफ जाने वाले मेलार्थियों से खचाखच भरा था। इस पर छोटे वाहनों के साथ बड़े वाहनों ने भी प्रवेश कर दिया। काफी समय तक जाम की स्थिति बनने से लोगों में दहशत बन गई। इस बार गिरि नदी में अस्थायी पुल न बनने से मुख्य मार्गों पर वाहनों रेलमपेल बढ़ गई है।
वहीं श्रद्घालु भी सड़क मार्ग से ही रेणुका स्थल पहुुंच रहे हैं। इस मामले में जिला प्रशासन व रेणुका विकास बोर्ड की पहले ही काफी किरकरी हुई है। बहरहाल, रविवार को जाम की स्थिति से मेलार्थियों के साथ-साथ वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
उधर, रेणुका पुलिस थाने के प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि वह दिनभर पुलिस टीम के साथ जाम से निपटने के लिए तैनात थे। पुलिस के कर्मचारी अलग-अलग जगह भी जाम हटाने में लगे रहे। उन्होंने बताया कि अस्थायी पुल हटाने के बाद मुख्य मार्ग से राहगीरों व वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। फिर भी पुलिस जाम से निपटने के पूरे प्रयास कर रही है। पुल पर जाम न लगाने के कड़े निर्देश वाहन चालकों को भी दिए गए हैं।