अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
पांवटा विधानसभा क्षेत्र में बिना अनुमति के जनसभा करने पर भाजपा को नोटिस जारी हुआ है। शिकायत मिलने पर चुनाव आयोग की गठित स्कवायड टीम मौके पर पहुंच गई। मौके पर टीम को जनसभा के लिए लगा टेंट व कुछ कुर्सियां लगी मिलीं।
प्रत्याशी व जनसभा आयोजक कोई अनुमति पत्र जनसभा के आयोजन का नहीं दिखा सके।
चुनाव आयोग के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी तरह की जनसभा के लिए पहले अनुमति प्राप्त की जाए जिससे किसी भी चुनावी रैली व जनसभा का खर्च पर नजर रखी जा सकें लेकिन वीरवार को भाजपा प्रत्याशी पर चुनाव प्रचार के दौरान बिना अनुमति के टोका नागला में गुपचुप जनसभा करवाने की शिकायत मिली। इसके बाद चुनाव आयोग की गठित स्थानीय वीडियो स्कवायड टीम मौके पर पहुंची। टीम रिकार्डिंग करने पर पूरी कार्रवाई में जुट गई।
पांवटा के टोका-नगला में भाजपा प्रत्याशी ने जनसभा को संबोधित किया। शिकायत मिलते ही स्थानीय चुनाव आयोग अधिकारी ने कार्यवाही अमल में लाते हुए विडियो फ्लाइंग स्कवायड टीम को तुरंत मौके पर भेज दिया। टीम ने टोका नागला में जनसभा का अनुमति पत्र मांगा लेकिन यह रैली बिना किसी अनुमति के की जा रही थी।
उधर, स्थानीय चुनाव निर्वाचन अधिकारी व एसडीएम पांवटा एचएस राणा ने बताया की बिना अनुमति जनसभा करने पर नोटिस भेजा गया है। टीम ने मौके पर जाकर जनसभा की पूरी वीडियोग्राफी भी की है।
उधर, भाजपा के प्रत्याशी सुखराम चौधरी ने कहा कि चुनाव प्रचार पर निकले थे। टोका नागला में कोई नुक्कड़ सभा रखी थी। जनसभा जैसा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम तय नहीं था। कार्यक्रम में भीड़ उमड़ गई। स्थानीय युवाओं ने टेंट थोड़ी सी कुर्सियों की व्यवस्था की थी। मौके पर पहुंची चुनाव आयोग वीडियो रिकार्डिंग टीम को वस्तु स्थिति से अवगत करवा दिया गया है।