अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। सुनो...सुनो...सुनो..! 19 मई को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। सभी लोग अपने-अपने पोलिंग बूथ पर जाकर मतदान कर एक सशक्त सरकार बनाएं। राजा-महाराजाओं के जमाने में ढोल-नगाड़े बजाकर सूचनाएं जनता तक पहुंचाई जाती थीं। लोकसभा चुनाव में निर्वाचन विभाग मुनादी (ढोल बजाकर) करवाकर जनता को मतदान करने के लिए जागरूक कर रहा है। स्वीप कार्यक्रम के तहत ऐसे स्थानों में मुनादी करवाई जा रही है, जहां विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान प्रतिशतता बेहद कम रही थी। स्वीप कार्यक्रम के तहत चल रहे जागरूकता अभियानों का ही परिणाम है कि लोकसभा चुनाव के लिए 16 हजार नए मतदाताओं का पंजीकरण करवाया जा चुका है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कार्यकारी उपायुक्त सिरमौर आदित्य नेगी ने बताया कि जिले में सुव्यवस्थित मतदाता, शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता अर्थात स्वीप कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से कार्यान्वित किया जा रहा है। सिरमौर जिले में विगत विधानसभा निर्वाचन-2017 के दौरान जिन मतदान केंद्रों पर कम मतदान हुआ था, ऐसे मतदान केंद्रों पर ढोल के माध्यम से मुनादी करवाकर लोगों को मतदान करने के बारे में जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वीप कार्यक्रम का उद्देश्य मजबूत लोकतंत्र-सबकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य से ढोल बजाकर मुनादी करवाने का निर्णय लिया गया है। मुनादी के माध्यम से घर-घर तक मतदान के बारे में संदेश भेजा जा रहा है। फोक मीडिया के माध्यम से भी लोगों को लोकतंत्र में मतदान की भूमिका बारे में जानकारी दी जा रही है। कार्यकारी उपायुक्त ने कहा कि मतदान के महत्व बारे में जानकारी देने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन कार्यालय के माध्यम से 50 हजार पोस्ट कार्ड जिले के मतदाता तक डाक से माध्यम से भिजवाए गए हैं। इसमें जिला निर्वाचन अधिकारी की अपील को आम जनता तक पहुंचाया गया। जिले में कार्यरत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से भी विशेषकर ग्रामीण परिवेश की महिलाओं को लोकतंत्र में मतदान के महत्व बारे जानकारी दी जा रही है।