नाहन (सिरमौर)। सिरमौर के पांच अध्यापकों को दिल्ली में सम्मानित किया गया। मानव संसाधन मंत्रालय की ओर से दिल्ली में आयोजित समारोह के दौरान शून्य निवेश नवाचार के क्षेत्र में अपना उल्लेखनीय योगदान देने के लिए शिक्षकों को खूब प्रशंसा मिली।
सिरमौर से सम्मानित होने वाले इन शिक्षकों में मंडवाच स्कूल में तैनात टीजीटी चमनलाल, चियाडो स्कूल के जेबीटी अमित कुमार, शिलाई स्कूल के जेबीटी जोगिंद्रपाल, राजगढ़ के पबियाणा स्कूल में तैनात दिनेश सूद व सुरला के श्यामलाल शामिल रहे। प्रदेश से 29 शिक्षकों समेत देश के 600 नवाचारी शिक्षकों को दिल्ली में सम्मानित किया गया। शिक्षकों को यह सम्मान आईआईटी दिल्ली में 13 मार्च को आयोजित समारोह में मिला। बता दें कि शिक्षा में सृजनात्मक खोज एवं शून्य निवेश नवाचार के क्षेत्र में यह कार्यक्रम श्रीअरविंदो सोसायटी की ओर से एचडीएफसी के माध्यम से जेडआईआईईआई के रूप में चलाया जा रहा है। इसके लिए साल 2018 में पूरे प्रदेश में सभी स्कूलों के अध्यापकों की कार्यशाला आयोजित कराई गई थी। इन कार्यशालाओं से बेहतर शिक्षकों का चुनाव किया गया था, जिन्हें दिल्ली में सम्मान मिला।