सिरमौर में स्वाइन फ्लू
की दस्तक से दहशत
मेडिकल कॉलेज और पांवटा में सामने आए दो मामले
दोनों मरीजों की टेस्ट रिपोर्ट पॉजीटिव, विभाग हुआ अलर्ट
एक पीजीआई तो एक मेडिकल कॉलेज नाहन में उपचाराधीन
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन/ पांवटा साहिब (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में स्वाइन फ्लू की दस्तक से दहशत का माहौल है। जिले में दो मरीज स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गए हैं। दोनों की टेस्ट रिपोर्ट पॉजीटिव बताई जा रही है। टेस्ट रिपोर्ट पॉजीटिव आते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। एक मरीज नाहन मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है, जबकि पांवटा के एक मरीज की टेस्ट रिपोर्ट देहरादून के निजी अस्पताल में पॉजीटिव पाई गई है। उसे वहां से पीजीआई के लिए रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार माराज इलाके के एक युवक को बुखार होने की शिकायत थी। 35 वर्षीय युवक को परिजन 26 जनवरी को पांवटा के एक निजी अस्पताल में लेकर गए। लेकिन, हालत बिगड़ने पर उसे देहदादून के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां पर टेस्ट के बाद उसकी रिपोर्ट पॉजीटिव पाई गई है। सूत्र बताते हैं कि युवक को वहां से पीजीआई के लिए रेफर किया गया है। उधर, नाहन मेडिकल कॉलेज में 16 वर्ष की एक नाबालिग स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गई है। आईजीएमसी को भेजे सैंपल में उसकी रिपोर्ट पॉजीटिव पाई गई है। सिरमौर जिले में स्वाइन फ्लू का इस साल यह पहला मामला सामने आया है। विभाग ने मरीज के संपर्क में आए मेडिकल स्टाफ, चिकित्सकों और परिवार के लोगों को दवाइयां शुरू कर दी हैं। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीडी शर्मा ने नाहन मेडिकल कॉलेज में एक महिला को स्वाइन फ्लू हुआ है। उसे आइसोलेशन वार्ड में दाखिल किया गया है। उनकी हालत फिलहाल ठीक है। उन्होंने बताया कि एक अन्य मरीज में बुखार के ऐसे ही लक्षण पाए गए हैं। जिसके सैंपल जांच के लिए आईजीएमसी भेजे गए हैं। उधर, सीएमओ सिरमौर डॉ. केके पराशर ने कहा कि नाहन मेडिकल कॉलेज में स्वाइन फ्लू का एक मामला सामने आया है। लेकिन, पांवटा में स्वाइन फ्लू की सूचना नहीं है। यदि देहरादून में ऐसा मामला सामने आया है तो इसकी सूचना विभाग को वहां से भेजी जाएगी। जिसके बाद विभाग जरूरी कदम उठाएगा।