अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। सदर पुलिस थाना नाहन के एचएसओ विजय कुमार को लाइन हाजिर किया गया है। हालांकि, एसएचओ को लाइन हाजिर करने की वजह साफ नहीं है। पुलिस अधिकारियों ने मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण चुप्पी साधी है। मामला भाजपा नेताओं, उनके समर्थकों और पुलिस से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक मंगलवार रात नाहन शहर में भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने एक पुलिसकर्मी के भाई के साथ मारपीट की। बुधवार को जब कार्यकर्ताओं को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया तो कार्यकर्ताओं ने वहां पुलिस कर्मी से दुर्व्यवहार किया। यही बात पुलिस कर्मी ने थाना प्रभारी को बताई। ऐसे में कार्यकर्ताओं पर डराने-धमकाने और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई। इसी बीच शीर्ष भाजपा नेताओं ने एसएचओ पर कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज न करने का दबाव बनाया। बावजूद इसके एसएचओ ने इसकी परवाह नहीं की और केस दर्ज किया। बस इसी का खामियाजा एसएचओ को भुगतना पड़ा है। पुलिस के आला अधिकारियों ने एसएचओ को लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि नाहन सदर थाना के एसएचओ विजय कुमार ने कई मामलों को बेहतरीन ढंग से सुलझाने में सफलता हासिल की है। चाहे वह जुड्डा के जोहड़ में मजदूर को जिंदा जलाने के मामले में दबोचे गए आरोपी हों या फिर शहर में हुई चोरियों में शातिरों को सलाखों के पीछे पहुंचाने की बात। यही नहीं, एसएचओ ने कई भगोड़े अपराधियों को भी सालों बाद दबोचने में सफलता हासिल की है। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने में भी एसएचओ का विशेष योगदान है। नशे के खिलाफ चल रही मुहिम को एसएचओ ने जन आंदोलन का रूप दिया है। पुलिस विभाग के नाम रही इन सभी उपलब्धियों के बाद भी एसएचओ को लाइन हाजिर कर दिया। ऐसे में कई सवाल पैदा हो रहे हैं। आम लोगों को भी यह बात कहीं रास नहीं आ रही है। उधर, एसपी सिरमौर रोहित मालपानी ने एसएचओ विजय कुमार को लाइन हाजिर करने की पुष्टि की है, लेकिन उन्होंने एसएचओ को लाइन हाजिर करने की वजह बताने से साफ इनकार कर दिया। एसपी का कहना है कि मामले की इस स्टेज पर कोई टिप्पणी करना ठीक नहीं है।