अमर उजाला ब्यूरो
राजपुर (सिरमौर)।
आईपीएच विभाग पांवटा के अंतर्गत अजौली पंचायत के किशनकोट गांव की महिलाओं का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीओ से मिला। इस दौरान महिलाओं ने अधिकारी को एक शिकायत पत्र भी सौंपा जिसमें महिलाओं ने गांव में सुचारु रूप से पानी की आपूर्ति नहीं होने की बात कही। महिलाओं ने अधिकारी को बताया कि कुछ लोग टुल्लू पंप का इस्तेमाल कर रहे हैं। यहां सौ के करीब पानी के कनेक्शन दिए गए हैं लेकिन कुछ घरों को छोड़कर किसी में भी पानी नहीं आता। वह शो पीस बन चुके हैं।
उन्होंने कहा कि जहां से गांव को पानी की सप्लाई की जाती है। वहां मोटरें भी ठीक लगी हैं, बावजूद इसके लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। प्रतिनिधिमंडल में शामिल सुरजीत कौर, माया देवी, सरवती देवी, कुसुमभरी, गोडो देवी, इंदु, छिदों देवी, संतोष, संगीता ने टुल्लू पंप का इस्तेमाल करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उधर, सहायक अभियंता काला सिंह ने कहा कि टुल्लू पंप का इस्तेमाल करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए एक टीम गठित की जाएगी। जो भी टुल्लू पंप का इस्तेमाल करता हुआ पाया जाता है, उसका कनेक्शन उसी समय काट दिया जाएगा।