अमर उजाला ब्यूरो
शिलाई (सिरमौर)।
मंगलवार रात को सिरमौर जिले में हुई बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। शिलाई-रोनहाट सड़क पर रात को तेज बारिश होने के कारण चुरडू खाला के समीप भारी मलबा सड़क पर आ गया। इस वजह से घंटों तक यह मार्ग अवरुद्ध रहा। हालांकि, लोनिवि ने कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब दस बजे सड़क पर यातायात बहाल कर दिया लेकिन अभी भी जगह-जगह मलबा गिर रहा है जिससे इस सड़क पर सफर खतरनाक हो गया है।
तेज बारिश के कारण यह मार्ग रातभर बंद रहा जिसकी वजह से शिमला, नैनीधार, रोनहाट से शिलाई की ओर आने वाली बसें प्रभावित हुईं। लोनिवि (एनएच) कर्मियों ने सुबह करीब 10 बजे तक मार्ग यातायात के लिए खोल दिया।
उधर, कमरउ व सतौन के बीच भी भूस्खलन से कई घंटे मार्ग बंद रहा। लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता रजनीश कुमार ने बताया कि भूस्खलन वाले स्थानों में मलवा अभी भी गिर रहा हैं। इसके लिए विभाग के कर्मचारी पूरी मशीनरी के साथ तुरंत मलवा हटा कर तत्काल यातायात को बहाल कर रहे हैं।
इधर, बारिश के साथ ही कई इलाकों में तूफानी हवाएं भी चलीं जिस वजह से सिरमौर के ऊंचे इलाकों में फलों की फसल को नुकसान पहुंचने की सूचना है। किसानों का कहना है कि तूफान के कारण आम, सेब सहित कई फलों की फसल झड़ गई है। जबकि सब्जियों की फसल को भी आंशिक क्षति हुई है।
-------------