अमर उजाला ब्यूरो
सतौन (सिरमौर)।
पांवटा-जारवा सड़क मार्ग पर सतौन के समीप मंगलवार दोपहर को एक तेज रफ्तारी निजी बस एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेड़ टूट कर बस की छत पर गिर गया। हादसे में कुछ सवारियों को मामूली चोटें आई हैं लेकिन यात्रियों के गुस्से के चलते चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद यात्री दूसरी बस में पांवटा के लिए रवाना हुए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मंगलवार दोपहर एक निजी बस (एचपी 17-सी-2219) जारवा से पांवटा जा रही थी। सतौन बस स्टैंड से महज 100 मीटर की दूरी पर बस अचानक एक पेड़ से टकरा गई। बस इतनी तेज गति से थी कि पेड़ टूट कर बस की छत पर गिर गया। बाद में जेसीबी से पेड़ को हटाना पड़ा। यदि बस पेड़ से न टकराती तो साथ लगते रिहायशी मकान से टकराकर भारी नुकसान हो सकता था।
हादसे के बाद बस में सवार 30 यात्रियों के डर के चलते रौंगटे खड़े हो गए। वहीं चालक के प्रति गुस्सा भी था। लिहाजा, स्थिति को भांपते हुए चालक मौके से फरार हो गया। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं जिन्होंने निजी क्लीनिक में मरहम-पट्टी करवाकर दूसरी बस में पांवटा का रुख कर लिया। यात्रियों के सिर, मुंह और हाथों में चोटें आई हैं। यात्रियों ने बताया कि इससे पहले यही बस हेवना के समीप दुर्घटना होने से बाल-बाल बची थी। वहां से चालक बदल दिया गया। आगे बस किसी और चालक ने चलाई।
प्रत्यक्षदर्शी सुदेश गुप्ता, विकास माहेश्वरी, मामराज, बलबीर चौहान, आत्मा राम, विशाल चौहान, अनिल कुमार ने बताया कि बस तेज गति से चल रही है। चालक ने पहले बस स्टॉप पर सवारियों को उतारा। उसके बाद तेज गति से पांवटा की ओर बढ़ रहा था कि अचानक बस पेड़ से टकरा गई। उधर, इस संदर्भ में किसी ने भी पुलिस को शिकायत नहीं की। लिहाजा, पुलिस में मामला दर्ज नहीं हुआ है।