अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
पांवटा क्षेत्र के नारीवाला स्थित दवा इकाई चोरी मामले के मास्टर माइंड की निशानदेही पर पुलिस ने 4.20 लाख की राशि बरामद कर ली है। बुधवार को मुख्य आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 16 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया। केमिकल चोरी मामले में खुलासा हुआ है कि मास्टर माइंड गाजियाबाद से गिरोह चलाता था। पांवटा के नारीवाला में स्थित एक दवा कंपनी से 18 लाख का केमिकल चोरी मामले की 14 मार्च को कंपनी प्रबंधन ने शिकायत दर्ज करवाई थी।
इसके बाद डीएसपी पांवटा ने पुलिस चौकी राजबन के प्रभारी बीएस नेगी को मामले की जांच सौंपी। पुलिस टीम ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से पूछताछ के बाद अंतरराज्यीय गिरोह के चोरी मामले में शामिल होने का खुलासा हुआ। मामले का मास्टर माइंड गाजियाबाद से चोरी की वारदातों को अंजाम देने का जाल बुनता था। टीम ने 3 अप्रैल 2018 को उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद में छापेमारी की जिसमें मुख्य आरोपी गाजियाबाद निवासी अनिल श्रीवास्तव पुत्र कमलेश्वर को दबोच लिया गया। मुख्य आरोपी से जांच टीम ने 4.20 लाख राशि बरामद कर ली है। अदालत में पेश करने पर अनिल श्रीवास्तव को 16 अप्रैल तक का पुलिस रिमांड मिला है।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि दवा कंपनी में 18 लाख केमिकल चोरी मामले के मुख्य आरोपी से 4 लाख 20 हजार राशि बरामद की गई है। अंतरराज्यीय चोर गिरोह मामले में कुल 3 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। 2 आरोपी न्यायिक हिरासत में चल रहे हैं। मुख्य आरोपी को अदालत से 16 अप्रैल तक पुलिस रिमांड मिला है।