नाहन (सिरमौर)। नाहन की निशा अग्रवाल ने मिसेज इंडिया हिमाचल के ग्रैंड फिनाले में जगह बनाई है। यदि वह फाइनल राउंड में जीत दर्ज करती हैं तो उन्हें मिसेज इंडिया एशिया के फाइनल राउंड में सीधी एंट्री मिलेगी। मिसेज इंडिया हिमाचल का फाइनल राउंड कसौली में 16 से 18 अप्रैल के बीच होगा। तीन दिन तक चलने वाले इस फाइनल राउंड में प्रतिभागियों की किस्मत का फैसला होगा।
निशा अग्रवाल अपने पति के साथ व्यवसाय संभाल रही हैं। साथ ही सामाजिक संस्थाओं से भी जुड़ी हैं। गौरतलब है कि इन दिनों प्रदेश में हिमाचल फिल्म सिटी टैलेंट बेस पर आधारित मिसेज इंडिया हिमाचल स्पर्धा आयोजित कर रही है जिसमें महिलाओं के टैलेंट को ही आधार बनाया गया है। आयु की कोई सीमा नहीं है। इस स्पर्धा में निशा अग्रवाल अपनी मधुर गायिकी के दम पर फाइनल राउंड में प्रवेश करने में कामयाब रही हैं।
सनद् रहे कि निशा अग्रवाल छठी कक्षा से ही गायन कर रही हैं। वह देहरादून, लखनऊ, बरेली में आयोजित कई कार्यक्रमों में भी अपनी प्रस्तुति दे चुकी हैं।
अब वह ग्रैंड फिनाले में अपनी आवाज का लोहा मनवाएगी। ग्रैड फिनाले कसौली में 16 से 18 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा जहां 45 प्रतिभागियों के बीच टक्कर होगी।
फाइनल में पूर्व मिसेज इंडिया कल्पना ठाकुर और हिमाचल फिल्म सिटी के निर्देशक पदम वर्मा जज की भूमिका निभाएंगे। ‘अमर उजाला’ से बातचीत में निशा अग्रवाल ने कहा कि वह ग्रैंड फिनाले को जीतने की पूरी कोशिश करेंगी। इसके लिए बाकायदा रोज रियाज भी कर रही हैं।