अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। नाहन से सराहां वाया त्रिलोकपुर जा रही बस के परिचालक का बैग किसी ने चुरा लिया। बैग में हजारों रुपये की टिकटें भी मौजूद थीं। प्रशिक्षु परिचालक ने चोरी की शिकायत पुलिस चौकी कच्चा टैंक में की है।
पुलिस को सौंपी शिकायत में बस के प्रशिक्षु परिचालक मांगे राम ने बताया कि उसकी ड्यूटी 25 नवंबर को त्रिलोकपुर से सराहां जा रही बस में थी। उसने अपना बैग अपने साथ ही बस के बोनट पर रखा हुआ था। जब बस त्रिलोकपुर से नाहन बस स्टैंड पहुंची तो वह पांच मिनट के लिए अड्डा प्रभारी के कार्यालय में गया। जब वह वापस आया तो बैग बस की बोनट पर नहीं था।
मांगे राम ने पुलिस को बताया कि किसी ने उसके बैग पर हाथ साफ कर दिया था। उस बैग में उसका कुछ जरूरी सामान तथा एचआरटीसी की 18 हजार 072 रुपये की टिकटें भी थीं। पुलिस अधीक्षक सिरमौर रोहित मालपाणी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आगामी कार्रवाई जारी है।