नाहन (सिरमौर)।नवोदय विद्यालय में सत्र 2018-2019 में जो विद्यार्थी छठी कक्षा में प्रवेश पाना चाहता है, वह 25 नवंबर से पूर्व ऑनलाइन अथवा ऑफ लाइन आवेदन जवाहर नवोदय विद्यालय में कर सकता है।
जवाहर नवोदय विद्यालय नाहन के प्रधानाचार्य सत्येंद्र सिंह ने कहा कि विद्यालय में प्रवेश पाने वाला इच्छुक विद्यार्थी 2017-18 में उसी जिला में सरकारी या गैर सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालय में पढ़ रहा हो जिस जिले में नवोदय विद्यालय स्थित है। विद्यार्थी का जन्म 1 मई 2005 से 30 अप्रैल 2009 के बीच का होना चाहिए।
विद्यार्थी की ओर से तीसरी तथा चौथी कक्षा उत्तीर्ण की हो और वर्तमान में सरकारी तथा गैर सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालय में पांचवीं कक्षा में अध्ययनरत हो। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जिस विद्यालय में पांचवीं कक्षा में पढ़ रहा है, वहां के मुख्याध्यापक द्वारा जारी प्रमाण पत्र को संलग्न कर अपने नजदीकी लोकमित्र केंद्र के माध्यम से आवेदन कर सकता है।
विद्यार्थी के अभिभावक जवाहर नवोदय विद्यालय में भी विद्यार्थी का फार्म स्वयं आकर जमा करवा सकते हैं। जिन उम्मीदवारों ने अपना आवेदन ऑनलाइन जमा करवा दिया है उन्हें पुन: आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। आवेदन फार्म विद्यालय की वेबसाइट से भी डाउनलोड किया जा सकता है।