अमर उजाला ब्यूरो
सराहां(सिरमौर)। पिछले पांच दिन से भारी पेयजल किल्लत झेल रहे सराहां के लोगों ने बुधवार को आईपीएच कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। एक हफ्ते से पानी न मिलने से गुस्साए सराहां बाईपास के बाशिंदे सराहां बस स्टैंड के समीप एकत्रित हुए। इसके बाद ग्रामीण सीधे आईपीएच कार्यालय जा पहुंचे जहां उन्होंने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पेयजल किल्लत के समाधान के लिए ज्ञापन देने जब ग्रामीण कनिष्ठ अभियंता के कार्यालय में पहुंचे तो साहब नदारद पाए गए। इससे लोगों का गुस्सा सातवें आसमान तक जा पहुंचा। इसके बाद लोगों ने कार्यालय में बैठे एक कर्मचारी को ज्ञापन सौंपा और जल्द पेयजल सप्लाई दुरुस्त करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल बीएस ठाकुर, मोहनी ठाकुर, स्वरूप सिंह ठाकुर, अमर सिंह ठाकुर, राजन नेहरू, अमित गर्ग, हरिमोहन शर्मा, प्रीतपाल ठाकुर, सुखदेव शर्मा, नरदेव ठाकुर व रोहित कुमार ने बताया कि उनके क्षेत्र में पांच दिन से पानी नहीं आया है। इस कारण उन्हें बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। जबकि बाईपास के समीप बने टैंक से उनके क्षेत्र के साथ-साथ आंजी-सीयूत गांव को भी जोड़ा जा रहा है। ऐसा होने से उनके क्षेत्र में पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप पड़ जाएगी। अभी भी लोग पेयजल किल्लत का सामना कर रहे हैं।
लोगों ने कहा कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि विभाग ने यह कोशिश बंद नहीं की तो न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा। उधर, अधिशासी अभियंता राजीव महाजन ने बताया कि इस टैंक से केवल उन्हीं गांवों को जोड़ा जाएगा जो कि पहले से जोड़े हुए हैं। अलग से किसी गांव को नहीं जोड़ा जाएगा। लोगों को पानी की किल्लत नहीं होने दी जाएगी।