वन परिक्षेत्र शिलाई के शिल्ली जंगल में घास पत्ती के बहाने अवैध रूप से कट रहे पेड़ों की शिकायत पर वन विभाग हरकत में आ गया है। विभाग की टीम ने जंगल से पहले ही दिन 20 लोगों को पकड़कर उनके औजार जब्त कर लिए। विभगा की ओर से इनकी डीआर काटी जा रही है।
शिलाई व बेला पंचायत के लोगों ध्यान सिंह, कमलेश, सुंदर सिंह व कंवर सिंह आदि ने बताया कि शिलाई बाजार से शुरू हुए आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध कटान ही नहीं बल्कि अवैध भवन निर्माण भी हो रहा है। आरक्षित वन क्षेत्र में अस्पताल से गोगा माड़ी वशिलाई-रोनहाट मार्ग पर भारी मात्रा में अवैध मकान बनाए गए हैं। भाई-भतीजावाद व आपसी पहचान के कारण अवैध मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करने में विभाग असमर्थ है।
स्थानीय लोग प्रतिदिन जंगल में घास पत्ती काटने के बहाने पेड़ों पर कुल्हाड़ी चला रहे हैं। जब तक विभाग के कर्मचारी पहुंचते हैं तब तक वह पेड़ काट कर लौट जाते हैं।
संबंधित क्षेत्र के वन रक्षक बस्ती राम शर्मा ने 20 लोगों के औजार जब्त करने की पुष्टि करते हुए बताया कि उनके विरुद्ध डीआर काटी जा रही है। उधर, वन परिक्षेत्राधिकारी फतेह सिंह ने बताया कि आरक्षित भूमि में अवैध भवन निर्माण की शिकायतों के कारण विभाग ने निशानदेही के लिए एसडीएम शिलाई को पत्र भेजा है।