सराहां/ राजगढ़ (सिरमौर)। सिरमौर जिले में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। जिले के नारग और राजगढ़ के सेर जगास में दो मामले सामने आए हैं। दोनों के टेस्ट पॉजिटिव पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों को दवाइयां वितरित की हैं। वहीं, जरूरी सावधानियां बरतने की भी सलाह दी है।
पच्छाद क्षेत्र की नारग पंचायत के नारग गांव में स्वाइन फ्लू का मामला सामने आया है। सोलन अस्पताल में इलाज को गई महिला के टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद इसकी पुष्टि हुई है। सराहां सिविल अस्पताल में यह सूचना पहुंच गई है। इसके बाद सराहां से बीएमओ डॉ. संदीप शर्मा की अगुवाई में एक टीम ने रविवार को नारग का दौरा किया। वे स्वाइन फ्लू से पीड़ित मरीज के घर गए और उसके संपर्क में आए लोगों से बात की। बीएमओ पच्छाद डॉ. संदीप शर्मा ने बताया कि टीम ने नारग जाकर लोगों को स्वाइन फ्लू के बारे में जागरूक किया। वहीं, संपर्क में आए कुछ लोगों को दवाइयां भी वितरित की गई हैं। टीम में स्वास्थ्य शिक्षिका अमृता ठाकुर व नरेश परमार समेत कई लोग शामिल रहे।
उधर, सेर जगास में भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को बीमारी के बारे में जागरूक किया। सीएमओ डॉ. केके पराशर ने बताया कि विभाग की स्वाइन फ्लू पर पूरी नजर है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है। पांवटा क्षेत्र में महिला की मृत्यु हुई है। लेकिन, इसमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है। फिर भी एहतियात के तौर पर महिला के संपर्क में आने वाले लोगों को दवाइयां वितरित की गई हैं।