अमर उजाला ब्यूरो
कालाअंब (सिरमौर)। कोल्ड ड्रिंक्स की खाली बोतलें अब पक्षियों का आशियाना बनेंगी। यह बात सुनने में बेशक अजीब लगे लेकिन इस कार्य को मोगीनंद स्कूल के विद्यार्थी साकार करेंगे। इस कार्य को परवान चढ़ाने के उद्देश्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मोगीनंद में मंगलवार को बसेरा परियोजना का शुभारंभ किया। इस परियोजना के तहत विद्यालय के शिवालिक ईको क्लब के विद्यार्थी पक्षियों के पुनर्वास के लिए कार्य करेंगे। इस परियोजना के तहत लोगों द्वारा इधर-उधर फेंकी गई कोल्ड ड्रिंक्स की खाली बोतलों को एकत्रित करके पक्षियों के लिए घोंसले बनाएं जाएंगे। इन घोंसलों को घास से सुसज्जित करके पक्षियों के पुनर्वास के उद्देश्य से पेड़ों पर स्थापित किया जाएगा। परियोजना के समन्वयक डॉ. संजीव अत्री ने बताया कि पक्षियों के पुनर्वास के लिए बनाई गई परियोजना बसेरा से जहां पक्षियों को आश्रय मिलेगा वहीं इधर-उधर फेंकी गई प्लास्टिक की बोतलें भी काम में लाई जा सकेंगी तथा प्रदूषण भी कम होगा। उन्होंने बताया कि स्कूल के विद्यार्थी इस सप्ताह 500 घोंसले स्थापित कर रहे हैं। इस योजना में कुल दो हजार घोंसले जंगलों और विद्यालय के आसपास पेड़ों पर स्थापित किए जाएंगे। उधर, रावमापा कालाअंब में गांधी जयंती के अवसर पर भाषण, चित्रकला और लेखन स्पर्धा भी आयोजित की गई। भाषण में प्रिया प्रथम, हिमांशु द्वितीय, चित्रकला प्रतियोगिता में ईशा प्रथम, निहारिका द्वितीय तथा लेखन में प्रीति प्रथम और सानिया द्वितीय स्थान पर रहे।