फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पहले प्रधान, अब विधायक ने किया भवन का उद्घाटन

विज्ञापन
विज्ञापन
संबंधित फोटो--16-17
विज्ञापन

पहले प्रधान, अब विधायक ने किया भवन का उद्घाटन
कोटला-पंजौला के सामुदायिक भवन को दो बार शुभारंभ
संजय भारद्वाज
नाहन (सिरमौर)। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कोटला-पंजौला पंचायत के पशन गांव में तीन लाख रुपये की लागत से बने सामुदायिक भवन का उद्घाटन चर्चा में आ गया है। एक ही भवन का दो बार उद्घाटन होने से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। आठ अगस्त को पंचायत के प्रधान राजकुमार ने भवन का उद्घाटन किया था। जबकि, शुक्रवार को पच्छाद हलके के विधायक सुरेश कश्यप ने भवन का उद्घाटन किया। अब भवन में प्रधान के नाम की उद्घाटन पट्टिका रहेगी या नहीं? यह भविष्य के गर्भ में है। फिलहाल, खंड विकास कार्यालय की ओर से बिना अनुमति भवन का उद्घाटन करने पर प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी हुआ है।
जानकारी के अनुसार पशन गांव में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत सामुदायिक भवन का कार्य किया गया है। भवन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसका उद्घाटन एक नहीं बल्कि दो-दो बार किया गया। पहले पंचायत प्रधान ने उद्घाटन किया और फिर विधायक ने। भवन का उद्घाटन दो-दो बार करने के पीछे क्या कारण रहे, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। लेकिन, एक ही भवन का दो बार उद्घाटन करना लोगों के गले नहीं उतर रहा। उधर, बीडीओ सराहां की ओर से पंचायत प्रधान को आठ अगस्त को भवन का उद्घाटन बिना सूचना के करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। बीडीओ सराहां मयंक नेगी ने बताया कि पंचायत के प्रधान किसी भी योजना का उद्घाटन नहीं कर सकते। उन्हें इसके लिए विभाग की अनुमति लेना जरूरी है। आठ अगस्त को किए गए उद्घाटन की विभाग को न तो सूचना दी गई और न ही अनुमति ली गई। जबकि, शुक्रवार को हुए उद्घाटन के बारे में विभाग को पूर्व में सूचना मिली थी। प्रधान की उद्घाटन पट्टिका रहेगी या हटाई जाएगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रधान को नोटिस भेजा गया है। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो पट्टिका हटाई जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

क्या कहते हैं प्रधान
पंचायत प्रधान राजकुमार का कहना है कि वह जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं और विधायक भी। उद्घाटन कोई भी करे, उन्हें इस पर कोई ऐतराज नहीं। लेकिन, विधायक ने पंचायत को विश्वास में लिए बगैर ही भवन का उद्घाटन किया है। उन्होंने बताया कि पांच अगस्त को पंचायत की उप ग्रामसभा बुलाई गई थी। इसमें सर्वसम्मति से जनता ने उन्हीं (प्रधान) से उद्घाटन करवाने का निर्णय लिया था। इसी के बाद उनके द्वारा भवन का उद्घाटन करवाया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें