सराहां (सिरमौर)। राजकीय डिग्री कॉलेज में चल रहा क्रमिक अनशन मंगलवार को दूसरे दिन में प्रवेश कर गया है। हड़तालियों ने सरकार को दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक अनशन जारी रहेगा। दूसरे दिन नारग कॉलेज संघर्ष समिति समेत स्थानीय पंचायतों के कई लोग और कॉलेज के छात्र स्टाफ की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे रहे। गौरतलब है कि सोमवार को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर के अलावा पच्छाद ब्लॉक कांग्रेस के कई नेताओं समेत दर्जनभर छात्र भूख हड़ताल पर बैठे थे। गंगूराम मुसाफिर ने साफ कहा कि पच्छाद के विधायक को छात्रों के भविष्य से कोई लेना-देना नहीं है। यदि छात्रों के अंधकार में डूब रहे भविष्य की ओर विधायक सुरेश कश्यप का ध्यान होता तो सरकार के समक्ष कॉलेज में स्टाफ तैनात कराने की मांग उठाते लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इसका खामियाजा यहां पर दाखिला ले चुके दर्जनों विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि यहां पर एक भी प्रोफेसर को तैनात नहीं किया गया है। जब तक सरकार स्टाफ नहीं भेजती तब तक अनशन जारी रहेगा। हड़ताल के दूसरे दिन दाड़ो देवरिया के पूर्व प्रधान रणजीत सिंह, पूर्व प्रधान सदानंद बंसल, पूर्व उपप्रधान संदीप चौहान, पूर्व उपप्रधान संजीव तोमर, पूर्व बीडीसी सदस्य चतर सिंह, डीडीसी सदस्य पूनम पंवार, इंद्रा कश्यप, रणवीर सिंह, मुन्नीलाल, हीरा सिंह, रतन सिंह, बेलीराम, नरेंद्र शर्मा, धनीराम, जगदीश, बलजीत सिंह, बलदेव आदि शामिल रहे।
रामरतन को बनाया मीडिया प्रभारी
नारग महाविद्यालय संघर्ष समिति ने कॉलेज को नियमित ढंग से चलाने के लिए कार्यकारिणी का गठन भी किया। इस मौके पर मीडिया प्रभारी की कमान रामरतन को सौंपी गई जबकि, सुखदेव सिंह को सह प्रभारी नियुक्त किया गया। संघर्ष समिति पदाधिकारियों ने कहा कि नारग कॉलेज में प्रवेश ले चुके छात्रों के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए संघर्ष समिति आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए भी तैयार है।