अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू/ नौहराधार (सिरमौर)।
आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा है कि रेणुका विधानसभा क्षेत्र के लिए 45 करोड़ रुपये की लागत से दो पेयजल योजनाएं ब्रिक्स के अंतर्गत स्वीकृत हुई हैं। इन योजनाओं के बनने से रेणुका के 200 गांव और उपगांवों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। आईपीएच मंत्री बोगधार में दो दिवसीय मेले के समापन अवसर पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
इन दो परियोजनाओं में 16 करोड़ रुपये की पालर खड्ड उठाऊ पेयजल योजना के तहत ग्राम पंचायत अंधेरी, लाना पालर, लुधियाना और सैंज पंचायत की 77 बस्तियों में पेयजल उपलब्ध होगा। जबकि 29 करोड़ 17 लाख की बडग़ नाला उठाऊ पेयजल योजना से दानाघाटो, गनोग, जामू कोटी, कोटी धीमान और रजाणा पंचायतों की 127 बस्तियों के लोग लाभान्वित होंगे। आईपीएच मंत्री ने एक दिवसीय प्रवास के दौरान 20 करोड़ की विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन किए जिसमें दो करोड़ 18 लाख की रेणुका बड़ोन पेयजल योजना, चार करोड़ की बोगधार-शामरा-गराड़ी सड़क और 12 करोड़ की सोलन -मिनस के नौहराधार से हरिपुरधार सड़क के निर्माण का शिलान्यास और 70 लाख की लागत से निर्मित विश्राम गृह नौहराधार में अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण शामिल है।
ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग दस हजार करोड़ की महत्वाकांक्षी परियोजनाएं भारत सरकार को भेजी गई है जिनमें से 3267 करोड़ और आठ सौ करोड़ की स्वीकृति भी मिल गई है। इसके अतिरिक्त प्रदेश में बागवानी को बढ़ावा देने के लिए 17 सौ करोड़ की परियोजना भी केंद्र सरकार को भेजी गई है।
उन्होंने बोगधार और पीढ़ियाधार में एक-एक लाख लीटर क्षमता के दो, चोकर, डेबरघाट और चूनवी में 50-50 हजार लीटर की क्षमता वाले भंडारण टैंक बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पांवटा के विधायक सुखराम चौधरी, अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम के पूर्व उपाध्यक्ष बलबीर चौहान, एसई आईपीएच संजीव कौल, एसई लोनिवि महेश सिंगल, एसडीएम संगड़ाह राजेश धीमान आदि उपस्थित थे।
------------------