नाहन (सिरमौर)।
कालाअंब के एक उद्योग के कर्मचारियों ने उद्योग प्रबंधन पर उन्हें बेवजह नौकरी से निकालने का आरोप जड़ा है। कर्मचारियों का कहना है कि उद्योग प्रबंधन ने उन्हें काम करवाने के लिए दूसरों उद्योगों में भेजा रहा है। मना करने पर बदसलूकी की जाती है। साथ ही कर्मचारियों को पैसे के मामले में भी प्रताड़ित किया जाता है।
शिकायत को लेकर सनवेट फार्मा के सुरेश कुमार, राजकुमार, श्यामा, कृष्णा देवी, रोशनी, यशोद्धा, रमेश, अर्चना सहित करीब एक दर्जन कर्मचारियों ने वीरवार को जिला श्रम अधिकारी को नाहन में ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने उद्योग प्रबंधन पर गंभीर आरोप जड़े। कर्मचारियों ने कहा कि वे 10 सालों से उद्योग में काम कर रहे हैं। उन्हें न तो छुट्टी दी जाती है और न ही छुट्टी का पैसा ही दिया जाता है। कर्मचारियों पर हाथ तक उठाने की धमकी दी जाती है। उनके हस्ताक्षर सनवेट फार्मा में करवाए जाते हैं जबकि काम करवाने के लिए अन्य उद्योग में भेज दिया जाता है। यहां तक कि कंपनी में चल रहे निर्माण कार्य में कर्मचारियों से मजदूरी तक करवाई जा रही है।
कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें वेतन भी 25 तारीख के बाद दिया जाता है। कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें उद्योग प्रबंधन ने 10 सालों से ईपीएफ की रसीद भी नहीं दी है। जब वह इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं तो प्रबंधन उनका काम सही न होने की बात कहकर उन्हें बाहर निकालने की बात कर रहा है।