अमर उजाला ब्यूरो
राजगढ़ (सिरमौर)।
हिमाचल प्रदेश विद्युत तकनीकी कर्मचारी संघ राजगढ़ मंडल की एक बैठक मंगलवार को हुई जिसकी अध्यक्षता संघ प्रधान अनिल सकलानी ने की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज फील्ड में तकनीकी कर्मियों की संख्या घटती जा रही है। कर्मियों को टेप, फ्यूज वायर, किटकेट, जियो स्विच, ग्लब्ज व टार्च आदि नहीं मिल रहे हैं, जबकि बोर्ड प्रबंधक फिजूल की खरीददारी और घटिया किस्म की चीजें खरीदने में लगे हैं।
उन्होंने एसएसए से जेई और फोरमैन की बहाली व पदोन्नति की मांग की। उन्होंने लाइनमैन से फोरमैन की पदोन्नति सीमा को घटाने, प्रदेश में कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों को बोर्ड में समायोजित करने की मांग भी उठाई। बैठक में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नेकराम ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सालिगराम, वित्त सचिव रणवीर ठाकुर, यूसुफ खान, मदनलाल, मदनमोहन शर्मा, पूर्णचंद शर्मा, देवेंद्र रेहन सहित काफी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित थे।
---बाक्स
अनिल सकलानी बने अध्यक्ष
इस मौके पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नेकराम ठाकुर की अध्यक्षता में राजगढ़ इकाई के चुनाव भी संपन्न हुए जिसमें अनिल सकलानी को अध्यक्ष चुना गया। जबकि सुरेश शर्मा को संगठन मंत्री, त्रिलोक भंडारी वरिष्ठ उपाध्यक्ष, हीराराम व परमानंद को उपप्रधान, हेमंत शर्मा को सचिव, अमित ठाकुर को सह सचिव, सुखदेव ठाकुर को कोषाध्यक्ष, प्रताप ठाकुर को मुख्य सलाहकार व सतीशपाल शर्मा को प्रेस सचिव बनाया गया।
-----