फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिक्का फैक्टरी में भड़की आग, लाखों का नुकसान

विज्ञापन
कालाअंब में सिक्का कारखाना में लगी आग से जला सामान। - फोटो : अमर उजाला ब्य़ूरो
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के जोहड़ों इलाके में एक सिक्का (लैड) बनाने वाले उद्योग में शुक्रवार रात आग लग गई। घटना में लाखों रुपये का नुकसान हो गया। फैक्ट्री में लगी आग से बैटरी स्क्रैप, प्लास्टिक और कोयला जलकर राख हो गया। साथ ही इमारत को भी भारी क्षति हुई है। हादसे के वक्त उद्योग बंद था। जानकारी के मुताबिक जोहड़ों औद्योगिक क्षेत्र में खराब बैटरियों से सिक्का निकालने वाले उद्योग में मध्यरात्रि करीब 2.30 बजे कंपनी परिसर में ही रह रहे कर्मचारियों ने आग की लपटें और धुआं निकलते देखा। इसके बाद इसकी सूचना तुरंत कंपनी के मालिक और अग्निशमन केंद्र को दी। सूचना मिलते ही कालाअंब फायर स्टेशन से दमकल कर्मी फायर टेंडर लेकर मौके पर पहुंचे। भारी अग्निकांड को देखते हुए एक फायर टेंडर नाहन से भी भेजा गया। कंपनी के मालिक अजय कादियान ने बताया कि आग से लाखों रुपये का बैटरी स्क्रैप, प्लास्टिक का सामान और कोयला जलकर राख हो गया है। अग्निकांड में लाखों का नुकसान बताया जा रहा है। सही नुकसान का पता आकलन करने के बाद ही पता चल पाएगा। हालांकि, अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। उधर, कालाअंब पुलिस ने मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। फायर स्टेशन अधिकारी एसएल गौतम ने बताया कि उद्योग से सूचना मिलने के 15 मिनट के भीतर ही कालाअंब फायर स्टेशन से फायर टेंडर मौके पर पहुंच गया था। साथ ही नाहन से भी एक फायर टेंडर को तुरंत रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि अग्निशमन कर्मचारियों को आग पर पूर्णतया काबू पाने में 6-7 घंटे का समय लगा।
विज्ञापन

बड़ा चौक में 20 हजार का नुकसान, करोड़ की संपत्ति बचाई
नाहन (सिरमौर)। फायर सीजन शुरू होने से पहले ही आग लगने का सिलसिला शुरू हो गया है। शहर के बड़ा चौक में शुक्रवार रात जैन बाजार में मकान मालिक राजीव अग्रवाल की दूसरी मंजिल के कमरे में अचानक आग लग गई। मकान मालिक ने कमरे को किराये पर दे रखा है लेकिन, अग्निकांड के दौरान किरायेदार कमरे में नहीं थे। मुख्य बाजार में लगी आग की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंचे विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग के चलते कमरे में रखा डबल बेड, गद्दे और अन्य सामान राख के ढेर में तबदील हो गया। बताया जा रहा है कि कमरे में कोयला भी रखा गया था। कोयले में भी आग भड़की हुई थी। गनीमत यह रही कि समय रहते दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाकर एक करोड़ की संपत्ति को बचा लिया। यही नहीं, कमरे के भीतर घरेलू सिलिंडर भी रखा था। यदि सिलिंडर में आग लगती तो आसपास की रिहाइश को भी भारी नुकसान होता। उधर, फायर स्टेशन अधिकारी एसएल गौतम ने बताया कि आग से 20 हजार का नुकसान आंका गया है। दमकल कर्मियों ने एक करोड़ की संपत्ति को आग से बचा लिया है। ऊपरी मंजिल के कमरे में आग कैसे लगी, इसकी वजह साफ नहीं हो पाई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें