अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में देश की रक्षा में तैनात सिरमौर जिले के फौजी विनोद कुमार को अंतिम विदाई दी गई। मंगलवार को ददाहू के समीप गिरि नदी के तट पर उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। शहीद की अंतिम यात्रा में हजारों लोगों ने भाग लिया। शहीद के पैतृक गांव शिरू माईला से ददाहू बाजार होते हुए अंतिम यात्रा गिरि नदी के तट पर पहुंची। इस दौरान पूरा ददाहू बाजार भारत माता की जय.. और विनोद कुमार अमर रहे...के नारों से गूंज उठा। हजारों लोगों ने शहीद को नम आंखों से विदाई दी।
गौरतलब है कि लेह में डोगरा रेजिमेंट में तैनात विनोद कुमार की दो दिन पहले अचानक मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि अत्यधिक ठंड में हार्ट अटैक आने से उनकी मृत्यु हुई। ड्यूटी के दौरान विनोद की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। मंगलवार को शहीद विनोद कुमार की पार्थिव देह दोपहर ढाई बजे पैतृक गांव शिरू माईला लाई गई। यहां अंतिम क्रियाओं की रस्मों को निभाने के बाद ददाहू बाजार से होते हुए गिरिनदी के संगम तट पर अंतिम यात्रा निकाली गई। गिरि तट पर सेना और पुलिस की अलग-अलग टुकड़ियों ने शहीद को सलामी देकर अंतिम विदाई दी। शहीद को छोटे भाई नितेश ने मुखाग्नि दी। जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार ददाहू देवी सिंह कौशल, एएसपी वीरेंद्र सिंह ठाकुर, एसएचओ रेणुका मानवेंद्र ठाकुर, रेणुका के विधायक विनय कुमार व भाजपा नेता बलबीर सिंह सहित हजारों ग्रामीणों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। अंत्येष्टि के दौरान ददाहू का बाजार एक घंटे तक बंद रहा।
सेना की ओर से सूबेदार ओम प्रकाश ने शहीद के पिता प्रेम सिंह को तिरंगा सौंपते हुए उनको ढांढस बांधा। तीन वर्ष पहले ही विनोद कुमार देश सेवा का जज्बा लेकर सेना में भर्ती होने के लिए घर से निकला था। इन दिनों इनकी ड्यूटी लेह में लगी हुई थी।