अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने औद्योगिक विकास की दिशा में कुछ नहीं किया। भाजपा सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए कार्य करेगी। इसके लिए सिंगल विंडो प्रणाली को और सरल किया जाएगा। सीएम शुक्रवार देर शाम पांवटा के गोंदपुर में चैंबर ऑफ कॉमर्स की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
चैंबर ऑफ कॉमर्स पांवटा इकाई प्रधान सतीश गोयल ने सीएम के समक्ष मांगों को रखा जिसमें औद्योगिक पैकेज बहाल करने, रेलवे लाइन, हेली टैक्सी सुविधा, ट्रॉमा सेंटर, नया औद्योगिक क्षेत्र, पांवटा में ड्रग ऑफिस, एक अल्टरनेट 220केवी सब स्टेशन व अन्य राज्यों में दी जाने वाली सुविधाएं प्रदान करने का आग्रह किया।
इस बैठक में विस अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद वीरेंद्र कश्यप, शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी, पांवटा विस विधायक सुखराम चौधरी, शिलाई विस क्षेत्र पूर्व विधायक बलदेव तोमर, चंद्रमोहन ठाकुर व एसपी रोहित मालपानी समेत प्रशासनिक अधिकारी व चैंबर ऑफ कॉमर्स पांवटा के सदस्य मौजूद रहे।
----------