अमर उजाला ब्यूरो
सतौन (सिरमौर)।
कफोटा उपमंडल के शिल्ला पंचायत के ग्रामीणों ने पेयजल समस्या को लेकर आईपीएच विभाग के दफ्तर पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कफोटा उपमंडल में अंतर्गत शिल्ला गांव में तीन दिनों से पेयजल संकट गहराया हुआ है। गांव के 170 परिवार पानी की बूंद-बूंद को मोहताज हैं। योजना के पंप में खराबी आने से पेयजल सप्लाई बाधित है जिस वजह से ग्रामीणों को मजबूरन आधा किलोमीटर दूर खड़ी चढ़ाई से होकर पानी को ढोना पड़ रहा है।
ग्रामीण कंवर सिंह, वेद प्रकाश, सतीश चौहान, कपिल, साधु राम, मुंशी राम, देवेंद्र सिंह, सुरेश आदि ने बताया कि 25 मार्च से गांव की पेयजल सप्लाई बाधित है। पेयजल योजना पर पंप की खराबी आई है। विभाग खराबी को दूर नहीं कर पा रहा है। अभी गर्मी की शुरुआत है। आगे गर्मी का मौसम पूरा पड़ा हुआ है। शुरुआती दौर में ही स्कीम हांफ गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि विभाग गर्मी के मौसम में होने वाले पेयजल संकट के लिए गंभीर नहीं है। एक योजना की मरम्मत पर कई दिन लग रहे हैं। ग्रामीणों ने बुधवार को विभाग के प्रति रोष जताते हुए कफोटा सब डिवीजन के बाहर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द योजना को चालू नहीं किया गया तो विभाग के विरोध पर सड़कों पर प्रदर्शन करेंगे।
उधर, आईपीएच के कनिष्ठ अभियंता रमजान अली ने बताया कि पानी की समस्या मोटर पंप खराब होने से आ रही हैं। मैकेनिक को बुलाया गया है। जल्द ही मरम्मत कर योजना को सुचारु किया जाएगा।