पांवटा साहिब (सिरमौर)। देवभूमि के दमदार बॉडी बिल्डर निशांत शर्मा ने
इतिहास रच डाला है। हिमाचल प्रदेश के मंडी निवासी युवा ने प्रदेश को पहली बार रजत पदक दिलाया है। पंजाब के लुधियाना में 37वीं नार्थ इंडिया बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता का समापन हुआ।
हिमाचल प्रदेश बॉडी बिल्डिंग एवं फिटनेस एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक नरेंद्र पाल सिंह सहोता, प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सिंह जग्गी व महासचिव अजय शर्मा ने कहा कि पंजाब के लुधियाना में 37वीं नॉर्थ इंडिया बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता हुई जिसमें हिमाचल के निशांत शर्मा ने रजत पदक जीतकर देवभूमि हिमाचल का नाम देश भर में रोशन किया है।
निशांत शर्मा 23 से 24 मार्च 2018 को महाराष्ट्र के पुणे में होने वाली सीनियर नेशनल मिस्टर इंडिया 2018 में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा। 25 मार्च को हिमाचल के ऊना संतोखगढ़ में होने वाली मिस्टर हिमाचल 2018 व ओपन मिस्टर इंडिया 2018 बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में भी भाग लेगा जिसमें 2 बुलेट मोटर साइकिलें व 10 लाख के नकद पुरस्कार गणपति जिम संतोखगढ़ के संचालक दलीप डोजी प्रभाकर ने ईनाम में रखे हैं।
पंजाब में हुई उत्तर भारत स्तरीय बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के बॉडी बिल्डर्स ने विभिन्न भार वर्ग में भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्तर भारत के नौ राज्यों पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, दिल्ली, राज्यस्थान, चंडीगढ़ के 206 बॉडी बिल्डर्स ने दमखम दिखाया। हिमाचल प्रदेश बॉडी बिल्डिंग एवं फिटनेस एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों ने निशांत शर्मा को इस ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी है।
बाक्स...
निशांत को स्पोर्ट्स कोटे से मिले नौकरी
पांवटा (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश बॉडी बिल्डिंग एवं फिटनेस एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक नरेंद्र पाल सिंह सहोता, प्रदेशाध्यक्ष रविंदर सिंह जग्गी, महासचिव अजय शर्मा, कार्यकारी प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष दलीप डोजी प्रभाकर, प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण भाटिया, विनय बाली, महिंद्र सिंह राठौर, मुंशी राम वर्मा व प्रदेश इकाई प्रवक्ता जीवन जोशी ने मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश से गुजारिश की है कि निशांत शर्मा को स्पोर्ट्स कोटे से सरकारी नौकरी प्रदान की जाए।