अमर उजाला ब्यूरो
सराहां (सिरमौर)।
लोकसभा सांसद वीरेंद्र कश्यप ने बुधवार को पच्छाद इलाके के सराहां में उद्घाटन व शिलान्यास किए। इस दौरान सांसद ने लाखों रुपयों की योजनाओं की घोषणा भी की। भूरेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए लोकसभा सांसद ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के नेतृत्व में हर वर्ग का ध्यान रखा है।
उन्होंने कहा कि 2022 तक केंद्र सरकार का लक्ष्य है कि हर किसान की आय दोगुना की जाए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सिंचाई योजना व प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से करोड़ों किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। देश की ढाई लाख पंचायतों को सीधा इंटरनेट सुविधा से जोड़ा जा रहा है। इससे किसान अपने उत्पाद का दाम घर बैठे पता कर सकेंगे।
इसके अलावा देश की 585 सब्जी मंडी को भी सीधा नेट सुविधा से जोड़ा जाएगा। इस मौके पर सांसद वीरेंद्र कश्यप ने 8 लाख की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया। इसके बाद 6 लाख की लागत से बनने वाले टूरिज्म हट्ट का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि एक करोड़ सात लाख की लागत से पानवा से भूरेश्वर महादेव सड़क की डीपीआर बनकर तैयार हो गई है। शीघ्र ही इस की निविदाएं लगाकर लोगों को यह भी सुविधा पहुंचाई जाएगी। इसके अलावा उन्होंने धरोटी से चिमल्टी सड़क के लिए 2 लाख रुपये व क्वागधार से भूरेश्वर महादेव मंदिर के रास्ते के लिए भी 2 लाख रुपये देने की घोषणा की।
इस दौरान विधायक सुरेश कश्यप ने भी लोगों को संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष दयाल प्यारी, प्रताप ठाकुर, भूपेंद्र भंडारी, सुरेंद्र नेहरू, मदनमोहन शर्मा, विद्यादत्त शर्मा, प्रकाश भाटिया, हेमंत अत्री, सुरेंद्र मोहन कौशल व ललिता शर्मा समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
-----------