अमर उजाला ब्यूरो
सतौन (सिरमौर)।
स्वच्छता को लेकर ग्राम पंचायत सतौन गंभीर हो गई है। सफाई के लिए कदम बढ़ाते हुए पंचायत ने बस स्टैंड के आसपास के दुकानदारों को नोटिस भेजकर सफाई रखने के आदेश दिए हैं। दुकानदारों को अपनी-अपनी दुकानों के आगे कड़ेदान रखने के भी फरमान जारी हुए हैं। पंचायत ने बस स्टैंड में शौचालय की सफाई के लिए एक कर्मी तैनात किया है। बस स्टैंड और आसपास के लिए भी विशेष कदम उठाए जा रहे हैं।
पंचायत ने बैठक आयोजित कर बाकायदा स्वच्छता को लेकर गंभीरता दिखाई। स्वच्छता पर विस्तार से चर्चा करते हुए पंचायत के लोगों को जागरूक करने का भी फैसला लिया गया।
गौरतलब है कि सतौन पंचायत में बस स्टैंड के आसपास गंदगी का साम्राज्य बना रहता है। ‘अमर उजाला’ ने 05 फरवरी के अंक में ‘सतौन क्षेत्र में चारों तरफ गंदगी के ढेर, लोग परेशान...’शीर्षक के साथ समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए पंचायत ने बैठक आयोजित कर स्वच्छता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
पंचायत प्रधान रजनीश चौहान की अध्यक्षता में पंचायत घर पर हुई बैठक में सफाई कर्मचारी की नियुक्ति करने का फैसला लिया गया। पंचायत उप प्रधान रामेश्वर शर्मा ने बताया कि सफाई की व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पंचायत ने एक सफाई कर्मचारी को बस स्टैंड पर स्थित शौचालय में रोजाना सफाई के लिए लगाया है। उसके आसपास स्थित सभी दुकानदारों को 21 तारीख को पंचायत की बैठक में बुलाया है जिसमें उन्हें सफाई रखने के कड़े आदेश दिए जाएंगे। हर दुकानदार को अपनी दुकान के पास एक कूड़ेदान रखने को कहा जाएगा।
इसके अलावा पंचायत ने बीडीओ पांवटा के माध्यम से एक प्रस्ताव ग्राम सभा में पास कर डीएफओ रेणुका को भेजा है जिसमें बस स्टैंड के वन विभाग की जमीन में से कुछ जमीन पंचायत के नाम करने का आवेदन किया गया है। पंचायत द्वारा वहां पर आंगनबाड़ी केंद्र, दुकानें, व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र और सामुदायिक हाल बनाया जाएगा। पंचायत उपप्रधान रामेश्वर शर्मा ने बताया कि इस कार्य को प्राथमिकता पर किया जाएगा।